मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में रविवार का दिन एक सनसनीखेज वारदात का गवाह बना। जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर रतनपुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अंबरपुर गांव के जंगल में दिनदहाड़े एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। रविवार दोपहर करीब 2 बजे मथेड़ी रोड पर जंगल के बीच सड़क किनारे खून से लथपथ युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मृतक की पहचान रायपुर नगली निवासी 42 वर्षीय प्रवीण उर्फ परविंदर के रूप में हुई है।

सिर में सटाकर मारी गई गोली शुरुआती पुलिस जांच और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रवीण रविवार दोपहर अपनी बाइक पर सवार होकर किसी काम से घर से निकला था। अंबरपुर के जंगल के सुनसान रास्ते से गुजरते समय अज्ञात हमलावरों ने उसे रोक लिया और वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने बेहद करीब से उसके सिर में गोली मारी है, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बड़ी आसानी से मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद जब उसी रास्ते से अन्य राहगीर गुजरे, तो उन्होंने सड़क किनारे पड़े शव को देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। दिनदहाड़े हुई इस हत्या की खबर जंगल की आग की तरह फैली और देखते ही देखते आसपास के गांवों के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।

शव देखकर परिजनों में मचा कोहराम हत्या की मनहूस खबर जब मृतक के गांव रायपुर नगली पहुंची, तो परिवार में मातम छा गया। सूचना पाते ही प्रवीण के परिजन बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे। सड़क किनारे पड़े शव को देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। माहौल बेहद गमगीन हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक समेत रतनपुरी थाने का भारी पुलिस बल और अन्य आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने भीड़ को हटाकर घटनास्थल को सुरक्षित किया और बारीकी से मुआयना किया। इसके साथ ही फोरेंसिक विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस ने पंचनामा की औपचारिकताएं पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस की तीन टीमें जांच में जुटीं इस हत्याकांड के पीछे क्या वजह है, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार, प्रवीण रविवार को अपने घर से घूमने की बात कहकर निकला था। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि वह अंबरपुर के जंगल तक कैसे और क्यों पहुंचा? वहां उसने किन लोगों से मुलाकात की?

एसपी देहात ने बताया कि इस जघन्य हत्याकांड के जल्द खुलासे और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की 3 विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस मृतक की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है और उसकी दिनचर्या व परिचितों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है, ताकि हत्यारों तक पहुंचने का कोई सुराग मिल सके। परिजनों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन