उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक 'उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो' (UPITS) के चौथे संस्करण का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय महाकुंभ में बिजनौर जिले का पारंपरिक हुनर, नवाचार और स्वाद पूरी दुनिया के सामने अपनी अमिट छाप छोड़ने के लिए तैयार है। प्रदेश सरकार की 'एक जिला-एक उत्पाद' (ODOP), 'एक जिला-एक व्यंजन' (ODOC) और एमएसएमई (MSME) संवर्धन नीति के तहत बिजनौर से कुल 10 प्रमुख औद्योगिक इकाइयों, निर्यातकों और हस्तशिल्पियों का चयन किया गया है।
जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र के उपायुक्त उद्योग अमित कुमार सिंह ने बताया कि इस ट्रेड शो के जरिए जिले की कुटीर और लघु इकाइयों को सीधे ग्लोबल सप्लाई चेन से जुड़ने का सुनहरा अवसर मिलेगा। यहां दुनिया भर से आने वाले विदेशी खरीदारों और आयातकों के सामने बिजनौर के उत्पादों की ब्रांडिंग की जाएगी।
वैश्विक उड़ान भरेगी नजीबाबाद की सोहन पापड़ी जिले के पारंपरिक मिष्ठान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए 'एक जिला-एक व्यंजन' (ODOC) योजना के तहत नजीबाबाद की मशहूर सोहन पापड़ी को ट्रेड शो में उतारा जा रहा है। यहां 'चतुर्वेदी फूड प्रा० लि०' के उद्यमी नवनीत कुमार द्वारा नजीबाबाद की प्रसिद्ध सोहन पापड़ी, पारंपरिक बतीसा और कुरकुरी खस्ता गजक का भव्य स्टॉल लगाया जाएगा। इससे सदियों पुरानी कन्फेक्शनरी कला से जुड़े स्थानीय कारीगरों और छोटे व्यापारियों की आमदनी में इजाफा होने की उम्मीद है।
नगीना की विश्वविख्यात काष्ठ कला का प्रदर्शन बिजनौर का नगीना कस्बा शीशम की लकड़ी पर बारीक नक्काशी के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। काष्ठ कला का लोहा मनवाने के लिए जिले की तीन प्रमुख इकाइयां— 'आर०के० हैंडीक्राफ्ट' (रोहित कुमार), 'श्री जी क्राफ्ट' (विक्रम सिंह चौहान) और 'हैंडओवर इंटरनेशनल' (तारिक अब्दुल्ला)— अपने उत्कृष्ट वुडन हैंडीक्राफ्ट उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी। इसके जरिए विदेशी बायर्स से सीधे दीर्घकालिक थोक अनुबंध हासिल करने की रणनीति तैयार की गई है।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›स्टोन हैंडीक्राफ्ट, टेक्सटाइल और हेयर विग भी बनेंगे आकर्षण शिल्प और लाइफस्टाइल के क्षेत्र में भी बिजनौर का कौशल एक्सपो का मुख्य आकर्षण बनेगा। स्टोन हैंडीक्राफ्ट वर्ग में 'मलिहार' (श्रीमती अंकिता राजपूत) और 'नगीना क्राफ्ट डेवलपमेन्ट सोसाईटी' (शमीम अख्तर) पत्थर पर हस्तनिर्मित नक्काशीदार कलाकृतियां पेश करेंगे। इसके अलावा वस्त्र उद्योग में 'ए टू एफ टेक्सटाइल' (मो० फैज) हैंडलूम फैब्रिक्स और 'हेयर फैशन इण्डिया' (सलीम अहमद) द्वारा तैयार प्रीमियम हेयर विग की अंतरराष्ट्रीय रेंज प्रदर्शित की जाएगी।
विदुर टी और चुकंदर के गुड़ का अनूठा नवाचार कृषि-आधारित नवाचार के तहत जिले की ऐतिहासिक विरासत से प्रेरित 'विदुर हर्बल टी' (वी एस ग्रुप, वासुदेव सिंह) का स्टॉल लगेगा। साथ ही, 'क्रिएटिव फार्मिंग प्रोड्यूसर कम्पनी लि०' (विजेन्द्र कुमार) द्वारा तैयार चुकंदर का गुड़ (व्हाइट बीटरूट जैगरी) और उच्च गुणवत्ता वाले साइलेज का भी प्रदर्शन होगा, जो स्वास्थ्य के प्रति जागरूक उपभोक्ताओं को आकर्षित करेगा।
स्थानीय आर्थिकी को मिलेगी गति उपायुक्त उद्योग ने बताया कि इस आयोजन का प्राथमिक लक्ष्य जिले के उद्यमियों को बिना बिचौलियों के सीधे बहुराष्ट्रीय बायर्स और अंतरराष्ट्रीय आयातकों से जोड़ना है। बी2बी (B2B) और बी2सी (B2C) मॉडल के जरिए जिले में बड़े पैमाने पर निवेश आएगा और ग्रामीण स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।