उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में गंगानगर थाना क्षेत्र के राजपुरा स्थित अमन विहार कॉलोनी में बुधवार को उस समय भारी हंगामा और अफरातफरी मच गई, जब एक होटल में एक हिंदू युवती के साथ दो मुस्लिम युवकों के ठहरे होने की सूचना मिली। स्थानीय लोगों और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि आरोपियों ने होटल में एंट्री पाने के लिए फर्जी आईडी का सहारा लिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए गंगानगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है।
फर्जी हिंदू आईडी से होटल में ली थी एंट्री नरसिंह वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष कार्तिक हिंदू ने बताया कि उन्हें अमन विहार कॉलोनी के स्थानीय निवासियों से इस संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। इसके बाद जब कार्यकर्ता होटल पहुंचे और होटल के रजिस्टर की पड़ताल की गई, तो पता चला कि दोनों मुस्लिम युवकों ने होटल में कमरा लेने के लिए 'अंकित' नाम के एक हिंदू युवक की आईडी का इस्तेमाल किया था। पकड़े गए दोनों युवकों के असली नाम फरीद और जीशान बताए गए हैं। वहीं, उनके साथ मिली युवती पड़ोसी जिले मुजफ्फरनगर की रहने वाली है। कार्तिक हिंदू ने स्थानीय लोगों का आभार जताते हुए कहा कि उनकी जागरूकता के कारण ही यह मामला सामने आ सका।
युवती के परिजनों को बुलाया गया मेरठ हंगामे की सूचना मिलते ही गंगानगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने होटल के रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस टीम ने मौके पर युवती से पूछताछ की और मुजफ्फरनगर स्थित उसके परिजनों से संपर्क कर उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी है। परिवार वालों को मेरठ बुला लिया गया है। फिलहाल पुलिस यह गहनता से जांच कर रही है कि युवती अपनी मर्जी से इन युवकों के साथ होटल पहुंची थी या फिर उसे किसी साजिश या दबाव के तहत वहां लाया गया था।
होटल प्रबंधन की भूमिका पर उठे सवाल, होगी सख्त कार्रवाई इस पूरे प्रकरण में होटल प्रबंधन की घोर लापरवाही सामने आई है। बिना सही सत्यापन के फर्जी आईडी पर कमरा देने को लेकर नरसिंह वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने होटल पर सील लगाने और संचालक की जवाबदेही तय करने की मांग की है। मामले की जानकारी देते हुए सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपी युवकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूरे मामले के साथ-साथ होटल संचालक की भूमिका की भी बारीकी से जांच कर रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद प्राप्त तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›