मेरठ (उत्तर प्रदेश)। फलावदा थाना क्षेत्र के दादूपुर गांव में शनिवार रात पारिवारिक कलह ने एक हृदयविदारक और सनसनीखेज मोड़ ले लिया। पेंशन के पैसों और पोते को नया मोबाइल दिलाने को लेकर शुरू हुए विवाद के दौरान 65 वर्षीय सुमित्रा देवी ने अपने बेटे और पोते पर कथित रूप से ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। इस दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय पूर्व सैनिक बेटा और उसका 14 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से झुलस गए। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद वृद्धा ने गांव के बाहर एक पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

पेंशन के पैसों और मोबाइल की मांग को लेकर हुआ था विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दादूपुर गांव निवासी सुमित्रा देवी (65) पत्नी ब्रजवीर को नियमित रूप से पेंशन मिलती थी। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, पेंशन की इस रकम के बंटवारे और इस्तेमाल को लेकर घर में आए दिन कहासुनी होती रहती थी। शनिवार की रात भी पेंशन के पैसों को लेकर विवाद बढ़ गया। इस दौरान 14 वर्षीय पोते उदय के लिए नया मोबाइल खरीदने की जिद पर बहस और तेज हो गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

क्रोध में उठाया आत्मघाती कदम

कहासुनी के दौरान सुमित्रा देवी ने अचानक घर में रखा ज्वलनशील पदार्थ लाकर अपने पूर्व सैनिक बेटे परमवीर (45) और पोते उदय (14) पर उड़ेल दिया। अचानक हुए इस हमले में दोनों बुरी तरह झुलस गए और घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए और गंभीर रूप से झुलसे पिता-पुत्र को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

​उधर, घटना को अंजाम देने के बाद बदहवास सुमित्रा देवी घर से निकल गई और गांव में ही एक पेड़ पर साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। बताया जा रहा है कि परमवीर सेना से सेवानिवृत्त है और वर्तमान में अपने परिवार के साथ शहर में रहता है। कुछ दिन पूर्व ही पेंशन के पैसों को लेकर मां से हुए विवाद के बाद वह बात सुलझाने गांव आया था। परमवीर के पिता ब्रजवीर भी लंबे समय से बीमार चल रहे हैं और उनका इलाज जारी है।

पुलिस और एफएसएल (FSL) टीम ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही फलावदा थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी (CO) मवाना पंकज लवानिया और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

​थाना प्रभारी पूनम जादौन ने बताया कि पीआरवी (PRV) के माध्यम से घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक विवाद के दौरान महिला ने अपने बेटे और पोते पर ज्वलनशील पदार्थ डाला था, जिसके बाद उसने खुद आत्महत्या कर ली। प्रथमदृष्टया मामला घरेलू कलह से जुड़ा है और पुलिस सभी संभावित आपराधिक व कानूनी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन