उत्तर प्रदेश के मेरठ में लालकुर्ती थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। आदर्शनगर कॉलोनी में दो सफाई कर्मचारियों द्वारा मकान के पिछले हिस्से की गली से रोशनदान में मोबाइल लगाकर महिलाओं का अश्लील वीडियो बनाने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। पड़ोसी युवक की सतर्कता से दोनों आरोपी मौके पर ही रंगे हाथ पकड़े गए, जिसके बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने उनकी जमकर धुनाई कर दी। सूचना मिलते ही लालकुर्ती पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को भीड़ से छुड़ाया और हिरासत में लेकर थाने ले आई।
रोशनदान में मोबाइल लगाकर बनाया जा रहा था वीडियो
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदर्शनगर कॉलोनी स्थित एक मकान की पहली मंजिल पर जेठानी और देवरानी का परिवार रहता है। मकान के पिछले हिस्से में स्थित बाथरूम में ऊपर की तरफ रोशनदान लगा हुआ है। आरोप है कि बुधवार को बुढ़ाना गेट निवासी दो सफाई कर्मचारी, राहुल और सोनू, गली में पहुंचे और चुपके से रोशनदान के पास मोबाइल फोन लगाकर अंदर नहा रही महिलाओं का वीडियो बनाने लगे।
पड़ोसी युवक ने दबोचा, जुटी भारी भीड़
उसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक सतर्क युवक की नजर संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त दोनों आरोपियों और उनके मोबाइल पर पड़ गई। युवक ने बिना देर किए दोनों को मौके पर ही दबोच लिया और तुरंत पीड़ित परिवार को सूचित किया। घटना की जानकारी मिलते ही आदर्शनगर और आसपास की कल्याणी कॉलोनी के तमाम लोग मौके पर एकत्र हो गए। आक्रोशित भीड़ ने दोनों आरोपियों की मौके पर ही पिटाई शुरू कर दी।
पुलिस ने दर्ज की FIR, दोनों आरोपी गिरफ्तार
हंगामे की सूचना मिलते ही लालकुर्ती पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों आरोपियों को भीड़ के चंगुल से निकालकर थाने ले गई। इसके बाद दोनों पीड़िताएं अपने पतियों के साथ थाने पहुंचीं और पुलिस को लिखित तहरीर सौंपी।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी विनायक गोपाल भसले ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर आरोपी राहुल और सोनू के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिक दर्ज कर ली गई है और दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।