बिजनौर में जाम से मुक्ति के लिए प्रशासन की नई पहल

बिजनौर शहर को जाम के झाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस-प्रशासन ने बड़ी कवायद शुरू कर दी है। शहर में यातायात को सुगम बनाने के लिए अब ई-रिक्शाओं के संचालन के रूट निर्धारित कर दिए गए हैं। एक अक्टूबर से लाल और हरे रंग के आधार पर ई-रिक्शा अपने-अपने तय रूट पर चलेंगे। लंबे समय से स्थानीय लोग और व्यापारी शहर में लगने वाले जाम और अतिक्रमण से परेशान थे। बिजनौर ई-रिक्शा रूट निर्धारित होने से आम जनता का समय बचेगा और शहर की व्यवस्था बेहतर होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

एसडीएम सदर ने ली बैठक, दिए सख्त निर्देश

इस नई व्यवस्था को लागू करने के लिए शनिवार को एसडीएम सदर स्मृति मिश्रा ने पुलिस लाइन के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में नगर पालिका के ईओ रामपाल सिंह, यातायात प्रभारी रवि नैन और ई-रिक्शा यूनियन के पदाधिकारी व चालक मौजूद रहे। एसडीएम ने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि अब शहर में ई-रिक्शा का संचालन मानकों के अनुसार ही होगा और यातायात नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

रंग और नंबर के आधार पर तय हुए रूट

बैठक में बताया गया कि ई-रिक्शा का रंग लाल और हरा होगा। 2,000 से 4,000 तक के यूनिक नंबर वाले लाल रंग के ई-रिक्शा होंगे, जबकि 1 से 2,000 तक के यूनिक नंबर वाले ई-रिक्शा हरे रंग के होंगे। इनका संचालन सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक रहेगा। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि बीमार, बुजुर्ग या दिव्यांग व्यक्तियों को ले जाने वाले ई-रिक्शा चालकों पर रूट की पाबंदी नहीं रहेगी, वे मरीजों की सुविधा के लिए दूसरे रूट पर भी जा सकेंगे।

यह रहेगा लाल और हरे ई-रिक्शा का रूट

लाल रूट: लाल रंग के ई-रिक्शा शास्त्री चौराहे से शुरू होकर रेलवे स्टेशन चौराहा, सेंट मैरी चौराहा, कंट्रोल रूम तिराहा, कालिका माता मंदिर, कृष्णा कॉलेज, चांदपुर तिराहा, चांदपुर चुंगी, जाटान पुलिस चौकी, तहसील डाकघर चौराहा और नगर पालिका तिराहा होते हुए वापस शास्त्री चौक के मध्य संचालित होंगे।

हरा रूट: वहीं, हरे रंग के ई-रिक्शा शास्त्री चौक से रेलवे स्टेशन चौराहा, सेंट मैरी चौराहा, मंडावर रोड चौराहा, मित्तल पेट्रोल पंप तिराहा, ईदगाह चौराहा, बाइपास होते हुए जाटान पुलिस चौकी, पुरानी तहसील, डाकघर चौराहा, नगर पालिका तिराहा से शास्त्री चौक तक चलेंगे। यातायात पुलिस और नगर पालिका ने एक अक्टूबर से इस व्यवस्था को लागू करने की पूरी तैयारी कर ली है।