उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में स्थित धामपुर शुगर मिल में कारखानों और निर्माण के देवता भगवान श्री विश्वकर्मा की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और भक्ति-भाव के साथ मनाई गई। यहां वर्ष 1933 से हर साल श्री विश्वकर्मा जयंती मनाने की एक पुरानी और गौरवशाली परंपरा रही है। इसी ऐतिहासिक परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी मिल की शुगर यूनिट और केमिकल (डिस्टलरी) यूनिट में भगवान विश्वकर्मा का भव्य पूजन और हवन आयोजित किया गया। इस धार्मिक आयोजन में मिल के तमाम उच्चाधिकारियों से लेकर हजारों श्रमिकों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान से हुआ हवन-पूजन धामपुर शुगर मिल में आयोजित इस पावन कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई। शुगर यूनिट में धामपुर शुगर मिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री आशीष कुमार शर्मा ने अपने कर-कमलों से भगवान श्री विश्वकर्मा और अन्य सभी देवी-देवताओं का विधिवत पूजन किया। दूसरी ओर, डिस्टलरी (केमिकल) यूनिट में डिस्टलरी हेड श्री सुनील कुमार राणा और इंजीनियरिंग हेड श्री मोहित वशिष्ठ ने पूजा-अर्चना संपन्न की। यह संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान विद्वान पंडितों के मार्गदर्शन में हुआ। पंडित श्री सुनील शास्त्री और पंडित अमित ध्यानी ने वैदिक रीति-रिवाज से पूजन, हवन और भव्य आरती संपन्न कराई, जिसके पश्चात उपस्थित जनों के बीच प्रसाद वितरण किया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

हजारों श्रमिकों व कर्मचारियों ने किया प्रसाद ग्रहण हवन और आरती के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद, मिल की दोनों ही यूनिटों (शुगर और डिस्टलरी) में एक भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस विशाल भंडारे में मिल के हजारों श्रमिकों, कर्मचारियों, ठेकेदारों और अधिकारियों ने एक साथ बैठकर बड़े ही श्रद्धा और भक्ति-भाव से प्रसाद ग्रहण किया। इस शुभ अवसर पर मिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री आशीष कुमार शर्मा ने वहां मौजूद सभी कर्मचारियों, श्रमिकों और अधिकारियों को श्री विश्वकर्मा जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य और कारखाने में सुरक्षित कार्य वातावरण की कामना की।

आयोजन समिति और महाप्रबंधक का रहा विशेष योगदान इस पूरे आयोजन को अनुशासित और भव्य रूप से सफल बनाने में धामपुर शुगर मिल की श्री विश्वकर्मा कमेटी और उसके संरक्षक मंडल की अहम भूमिका रही। कमेटी के संरक्षक श्री आशीष कुमार शर्मा, श्री अभय शर्मा, श्री आलोक मित्तल, श्री उत्तम सिंह के साथ-साथ अध्यक्ष शिखर चंद, उपाध्यक्ष दलबीर सिंह, महामंत्री प्रदीप सिंह ने अपना विशेष योगदान दिया। इसके अलावा सदस्यगणों—परविंदर सिंह, नरेश कुमार, तेजपाल, पुष्पराज, वीरेंद्र यादव, भूपेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, राम सिंह आदि ने भी व्यवस्था संभालने में महत्वपूर्ण सहयोग किया।

इस अवसर पर मिल के सहायक उपाध्यक्ष (गन्ना) श्री संजीव कुमार, श्री विकास अग्रवाल, दिल्ली कार्यालय से आए श्री श्याम सुंदर शर्मा, सत्यवीर सिंह, लवकुश चौहान, दिनेश भारती, विवेक सिंह यादव, अजय पांडेय, विनोद बिष्ट सहित दर्जनों वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। श्री विश्वकर्मा जयंती के इस विशाल कार्यक्रम एवं भंडारे का शानदार संयोजन कारखाना महाप्रबंधक श्री विजय कुमार गुप्ता के कुशल नेतृत्व में किया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन