खबरीलाल टीम

मेरठ जिले के यात्रियों और नंगली तीर्थ दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। सालों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई है। मेरठ के सकौती टांडा रेलवे स्टेशन पर अब हरिद्वार-दिल्ली एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14304/14303) रोजाना रुकेगी। 11 सितंबर को नीम करौरी बाबा के निर्वाण दिवस के खास अवसर पर पहली बार इस ट्रेन का स्टेशन पर एक मिनट का आधिकारिक ठहराव हुआ। इस दौरान स्टेशन पर उत्सव का माहौल दिखा और लोको पायलट का फूल-मालाओं से स्वागत कर ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया गया।

श्रद्धालुओं और दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत

विज्ञापन
विज्ञापन

हरिद्वार-दिल्ली एक्सप्रेस के नियमित ठहराव से नंगली तीर्थ आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा, ग्रामीण क्षेत्रों से दिल्ली-एनसीआर में नौकरी और व्यवसाय के लिए जाने वाले करीब 1500 एमएसटी (MST) यात्रियों की राह भी आसान हो गई है। पहले इस ट्रेन के न रुकने से यात्रियों को दौराला स्टेशन पर उतरना पड़ता था, जिससे उनका समय और पैसा दोनों अधिक खर्च होते थे। अब सीधे ट्रेन सुविधा मिलने से उनकी परेशानी दूर हो गई है।

ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए रवाना किया गया

साधु-संतों की लंबी पैरवी लाई रंग

नंगली तीर्थ के संत समाज और स्थानीय लोग लंबे समय से इस स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग कर रहे थे। इसके लिए कई बार सांसदों, विधायकों और मंत्रियों से गुहार लगाई गई थी। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री सुनील भराला ने भी रेल मंत्रालय में इस मांग को प्रमुखता से उठाया था। स्टेशन पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में नंगली तीर्थ के महामंडलेश्वर शिव प्रेमानंद महाराज को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। उन्होंने इस सौगात को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

पहले सिर्फ विशेष तिथियों पर ही रुकती थीं ट्रेनें

सकौती टांडा के स्टेशन अधीक्षक श्रवण कुमार मीणा ने बताया कि यह एक छोटा स्टेशन है, जहां पहले सिर्फ छह पैसेंजर ट्रेनें ही रुका करती थीं। करीब दस साल पहले संतों की मांग पर केवल विशेष तिथियों में कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों को रोकने की व्यवस्था की गई थी। संत समाज की लगातार पैरवी के बाद अब हरिद्वार-दिल्ली एक्सप्रेस को रोजाना रोकने का आदेश जारी हुआ है। पहले ठहराव 18 सितंबर से शुरू होना था, लेकिन अचानक आदेश बदलकर इसे 11 सितंबर कर दिया गया।