उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के बहसूमा थाना क्षेत्र में दिल्ली पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय नितिन नागर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में जबरदस्त जन आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार सुबह मेरठ-हस्तिनापुर मार्ग के गणेशपुर तिराहे पर शव रखकर सड़क जाम कर दी और विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को संभालते हुए राज्यमंत्री दिनेश खटीक मौके पर पहुंचे और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रशासन ने आरोपी के घर बुलडोजर चलाया।
रास्ते के विवाद में चली गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहसूमा के माखननगर निवासी नितिन नागर शुक्रवार शाम अपने दोस्त प्रिंस और एक अन्य साथी के साथ जंबूद्वीप नहर की ओर से घर लौट रहा था। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (GIC) के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए 6 हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली नितिन की जांघ में लगी, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि हमलावरों का मुख्य निशाना नितिन का दोस्त प्रिंस था। दो दिन पूर्व प्रिंस का उसके पड़ोसी मिट्ठू से रास्ते को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि पुलिस ने उस समय समझौता करा दिया था, लेकिन रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
बुलडोजर कार्रवाई के बाद शांत हुआ आक्रोश
शनिवार सुबह से ही परिजनों और ग्रामीणों ने गणेशपुर तिराहे पर शव रखकर आरोपियों के एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे यूपी सरकार के राज्यमंत्री दिनेश खटीक के आश्वासन के बाद प्रशासन ने आरोपी मिट्ठू के घर पर बुलडोजर चला दिया। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 5 थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी बल तैनात किया गया है।
परिवार में मातम, पुलिस की 4 टीमें गठित
नितिन की शादी महज 4 महीने पहले हुई थी और 3 अक्टूबर को उसका दिल्ली पुलिस का फिजिकल टेस्ट होना था। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए 4 पुलिस टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।