उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई की है। हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के ग्राम चौकपुरी स्थित 'बजरंग फायर वर्क्स' नामक पटाखा फैक्ट्री में पुलिस, राजस्व टीम, FSSO और फील्ड यूनिट ने संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान फैक्ट्री से लाइसेंस में निर्धारित सीमा से कहीं अधिक विस्फोटक पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और पूरे कारखाने को सील कर दिया है।

चेकिंग में भारी मात्रा में विस्फोटक और कारतूस बरामद 13 सितंबर 2026 को हीमपुर दीपा थाना पुलिस अपराध और अपराधियों की रोकथाम के लिए इलाके में गश्त पर थी। इसी बीच मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और अन्य विभागों की संयुक्त टीम ने बजरंग फायर वर्क्स में औचक चेकिंग की। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान वहां भारी मात्रा में लाइसेंस की तय सीमा से ज्यादा विस्फोटक, सुतली बम वाले पटाखे, अर्धनिर्मित (आधे बने हुए) कारतूस और कारतूस निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम ने तत्काल बरामद विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित स्थान पर रखवाया और राजस्व अधिकारी ने फैक्ट्री को सील कर दिया। वहीं, फील्ड यूनिट ने जांच के लिए सामग्री के नमूने सुरक्षित कर लिए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

दो आरोपी गिरफ्तार, महाराष्ट्र से जुड़े नेटवर्क के तार पुलिस टीम ने मौके से दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद यूसुफ पुत्र बिंदु हसन और गुफरान अहमद अंसारी पुत्र गुलाम मोहम्मद के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे इस फैक्ट्री को किराए पर लेकर सुतली बम और अवैध कारतूस बनाने का काम कर रहे थे। उन्होंने यह भी चौंकाने वाला खुलासा किया कि कच्चा माल महाराष्ट्र के रहने वाले अमजद नामक व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराया जाता था और वही तैयार माल को खरीदता भी था।

एसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी पुलिस पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि कारोबार में होने वाले निवेश और मुनाफे को ये लोग आपस में बांटते थे। इस मामले में हीमपुर दीपा थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पकड़े गए आरोपियों के नेटवर्क को खंगाल रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों (विशेषकर अमजद) की भी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई जारी रहेगी।