खबरीलाल डेस्क

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से सोशल मीडिया पर एक अजीबोगरीब और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक का विदेशी प्रजाति के सांप (कॉर्न स्नेक) के बच्चे के साथ खेलते हुए वीडियो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और कथित युवक को हिरासत में लेकर थाने ले आई, लेकिन रात में ही उसे छोड़े जाने के बाद पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।

क्या है पूरा मामला? शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर लगभग 39 सेकंड का एक वीडियो प्रसारित हुआ था। इस वीडियो में एक लाल रंग के सांप के बच्चे के साथ एक युवक गाना गाते हुए खेलता नजर आ रहा था। वीडियो में दिखने वाला सांप कोई आम सांप नहीं, बल्कि उत्तर अमेरिका (North America) में पाया जाने वाला दुर्लभ 'कॉर्न स्नेक' (Corn Snake) का बच्चा बताया जा रहा है, जिसकी कीमत बाजार में करीब 35 हजार रुपये तक आंकी जाती है। वीडियो में खुद को इरफान बताने वाला युवक यह कहते नजर आ रहा था कि "आस्तीन में सांप पालने से अच्छा है असली सांप पाल लो।"

विज्ञापन
विज्ञापन

पहचान खुली तो सामने आया सच जब यह वीडियो पुलिस तक पहुंचा और इसकी जांच शुरू हुई, तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। जांच में पता चला कि वीडियो में खुद को इरफान बताने वाला असल में लिसाड़ी रोड स्थित ऐरा गार्डन कॉलोनी का रहने वाला सुलेमान है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि यह युवक कथित तौर पर फर्जी नामों का इस्तेमाल कर वन्य जीवों की तस्करी से जुड़ा हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सुलेमान को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई।

पूछताछ के बाद छोड़ दिए जाने पर उठे सवाल थाने में हुई पूछताछ के दौरान युवक सुलेमान ने पुलिस को बताया कि उसने कुछ दिन पहले ही अपने एक दोस्त से यह सांप खरीदा था, हालांकि उसने वन्य जीवों की तस्करी करने के आरोपों से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे थाने से छोड़ दिया। सुलेमान को इतनी जल्दी छोड़े जाने की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। इसके विरोध में लोगों ने दो, तीन और 16 सेकंड के तीन अन्य वीडियो सोशल मीडिया पर फिर से वायरल कर दिए, जिसमें पुलिस की कार्यशैली और कथित साठगांठ को लेकर तीखे सवाल उठाए जा रहे हैं। फिलहाल इस मामले को लेकर पुलिस के उच्च अधिकारियों की क्या प्रतिक्रिया रहती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।