उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में रील और सोशल मीडिया पर दिखावे के चक्कर में युवा लगातार अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। ताजा मामला पुरकाजी इलाके का है, जहां एक स्कॉर्पियो कार से खतरनाक स्टंटबाजी करने का वीडियो सामने आया है। रविवार शाम करीब 5 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हुआ यह वीडियो पुरकाजी के मिलिट्री पड़ाव का बताया जा रहा है। वीडियो में चालक समेत दो युवक कार के अंदर नजर आ रहे हैं, जो खुले मैदान में तेज रफ्तार के साथ जानलेवा स्टंट कर रहे हैं।

तेज रफ्तार में घुमाई कार, उड़ा धूल का गुबार वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक कभी कार को आगे की दिशा में तेजी से दौड़ाते हैं, तो कभी बैक करते हुए गोल-गोल चक्कर लगा रहे हैं। तेज रफ्तार में वाहन के इस तरह घूमने से मैदान में चारों तरफ धूल का गुबार उठता नजर आ रहा है। सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की स्टंटबाजी बेहद खतरनाक है। तेज गति में संतुलन बिगड़ने से न केवल कार पलट सकती है, बल्कि वहां मौजूद किसी अन्य व्यक्ति के चपेट में आने से बड़ा हादसा भी हो सकता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

चालक की पहचान को लेकर कई दावे सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कार और उसमें बैठे युवकों को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कार चलाने वाले युवक का नाम अर्शलान बताया जा रहा है, जो पुरकाजी का ही निवासी है। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की असली पहचान क्या है और यह वीडियो किस दिन बनाया गया, इसकी आधिकारिक रूप से अभी पुष्टि नहीं हो पाई है।

पुलिस की जांच और कार्रवाई का इंतजार पुरकाजी क्षेत्र से पहले भी इस तरह की स्टंटबाजी और हुड़दंग के कई वीडियो सामने आ चुके हैं। इस ताज़ा घटना को लेकर भी सोशल मीडिया यूजर्स ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों को स्टंट का अड्डा बनाने वालों पर सख्त एक्शन होना चाहिए। फिलहाल इस वायरल वीडियो को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। माना जा रहा है कि वीडियो की गहनता से जांच और वाहन नंबर के आधार पर चालक की पहचान होने के बाद पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।