शकील अहमद

उत्तर प्रदेश के बिजनौर से पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में जनसमस्याओं की ग्राउंड रिपोर्टिंग करने पर एक पत्रकार के साथ बीच बाजार कथित तौर पर मारपीट और गाली-गलौज की गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी एवं ग्राम प्रधान के पति इमरान शमी कुरैशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

जलभराव की खबर दिखाने पर भड़के आरोपी प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कोतवाली में लंबे समय से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई थी, जिससे ग्रामीण परेशान थे। स्थानीय लोगों की इस परेशानी को देखते हुए पत्रकार अज़हान अंसारी ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। आरोप है कि इसी रिपोर्टिंग से ग्राम पंचायत का प्रधानपति इमरान शमी कुरैशी और उसके समर्थक बुरी तरह भड़क गए। जब अज़हान अंसारी बाजार से गुजर रहे थे, तभी करीब 20 से 25 लोगों की उग्र भीड़ ने उन्हें अचानक घेर लिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

बीच बाजार गिरेबान पकड़कर दौड़ाया वायरल वीडियो और पीड़ित पत्रकार की तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने खुलेआम कानून को हाथ में लेते हुए दबंगई की। भीड़ ने बीच बाजार पत्रकार का गिरेबान पकड़ लिया और उन्हें सरेआम धमकाते हुए सड़क पर दौड़ाया। इस दौरान उनके साथ मारपीट का भी प्रयास किया गया। पत्रकार का काम जनता की आवाज उठाना और सवाल पूछना है, लेकिन एक जनप्रतिनिधि के पति द्वारा की गई इस गुंडागर्दी ने इलाके में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

BNS की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज घटना के बाद पीड़ित पत्रकार अज़हान अंसारी ने कोतवाली देहात पुलिस को मामले की लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता और वायरल वीडियो के साक्ष्यों को देखते हुए प्रधानपति इमरान शमी कुरैशी और अन्य नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352, 351(3), 115(2), 191(2) और 126(2) के तहत गंभीर मुकदमा दर्ज किया।

बिजनौर पुलिस ने सख्त संदेश देते हुए मुख्य आरोपी इमरान कुरैशी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो का बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है और उसमें दिख रहे अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भी सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।