उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बड़ी खबर सामने आई है। लखनऊ के आशियाना थाने में भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। एक तलाकशुदा महिला ने मोहम्मद कैफ पर शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाने और बाद में वादे से मुकरने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर कानूनी जांच शुरू कर दी है।

शादी का झांसा और नौकरी छुड़वाने का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि मोहम्मद कैफ ने उससे शादी करने का पक्का भरोसा दिया था। शादी के इस वादे और भरोसे में आकर उसने अपनी नौकरी तक छोड़ दी। महिला का आरोप है कि जब भी वह कैफ से शादी की तारीख तय करने की बात करती, तो कैफ उसे मिलने के लिए बुलाते और शादी का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाते थे। लेकिन जब महिला ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकरने लगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

2020 में इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी बातचीत

महिला ने अपनी तहरीर में बताया कि वर्ष 2020 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम (Instagram) पर उसकी और मोहम्मद कैफ की पहली बार बातचीत हुई थी। महिला के मुताबिक, रिश्ते की शुरुआत में ही उसने कैफ को बता दिया था कि वह तलाकशुदा है और उसका एक बेटा भी है। पीड़िता का दावा है कि कैफ ने तब कहा था कि उन्हें उसके अतीत या बच्चे से कोई परेशानी नहीं है।

​इसके बाद दोनों के बीच मुलाकातें शुरू हुईं और अच्छी दोस्ती हो गई। महिला का कहना है कि कैफ ने उससे वादा किया था कि वे 'आईपीएल ऑक्शन' (IPL Auction) के तुरंत बाद शादी कर लेंगे।

BNS की धारा 69 और 351 के तहत केस दर्ज

पीड़ित महिला की शिकायत की गंभीरता को देखते हुए आशियाना थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने मोहम्मद कैफ के खिलाफ नए आपराधिक कानून 'भारतीय न्याय संहिता' (BNS) की धारा 69 (शादी का झूठा वादा कर शारीरिक संबंध बनाना) और धारा 351 (आपराधिक धमकी) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आशियाना थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।