उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक तेज रफ्तार कार सवार ने एक युवती को जोरदार टक्कर मारी और उसे कार के बोनट पर घसीटता हुआ ले गया। इस खौफनाक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में 'लव जिहाद' और पहचान छिपाकर धोखा देने का एंगल सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

हिंदू बनकर प्रेम जाल में फंसाने का आरोप पुलिस के मुताबिक, पीड़ित लड़की का नाम अनामिका है और कार चलाने वाले आरोपी की पहचान शाहनवाज के रूप में हुई है। शुरुआती जांच और पीड़िता के बयान से यह बात सामने आई है कि दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे। अनामिका ने शाहनवाज पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि उसने अपनी असली पहचान छिपाई थी। आरोपी ने खुद को हिंदू बताकर उसके साथ प्यार का नाटक किया और उसे धोखे में रखकर उसका विश्वास जीता।

विज्ञापन
विज्ञापन

सच्चाई सामने आने पर कार से कुचलने की कोशिश यह पूरी घटना उस वक्त हुई जब अनामिका को शाहनवाज की असलियत का पता चल गया। जब अनामिका ने इस धोखे का विरोध किया और उससे सवाल-जवाब किए, तो विवाद काफी बढ़ गया। गुस्से में आकर शाहनवाज ने अनामिका को जान से मारने की नीयत से अपनी कार से कुचलने का प्रयास किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शाहनवाज कार चला रहा है और अनामिका उसकी कार के बोनट पर लटकी हुई है, लेकिन इसके बावजूद वह बेखौफ होकर तेजी से गाड़ी दौड़ाता रहा।

आरोपी के साथ कार में मौजूद थी गर्लफ्रेंड इस वारदात के दौरान आरोपी शाहनवाज अकेला नहीं था। बताया जा रहा है कि गाड़ी के अंदर उसकी गर्लफ्रेंड भी मौजूद थी। लड़की को जोरदार टक्कर मारने और उसे बोनट पर कई मीटर तक घसीटने के बाद दोनों आरोपी कार समेत मौके से फरार हो गए। हालांकि, वीडियो वायरल होने और मामले की शिकायत दर्ज होने के बाद लखनऊ पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाई। पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर आरोपी शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया है।

फिलहाल पुलिस ने मामले में जानलेवा हमला करने और पहचान छिपाकर धोखा देने जैसी गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी शाहनवाज से सख्ती से पूछताछ की जा रही है। साथ ही कार में मौजूद उसकी गर्लफ्रेंड की भूमिका की भी जांच हो रही है। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसी घटनाओं को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन