उत्तर प्रदेश के मेरठ कॉलेज में बुधवार दोपहर वर्चस्व को लेकर छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर बवाल और मारपीट हुई। कॉलेज परिसर में दिनदहाड़े लात-घूंसे और बेल्ट चले, जिससे वहां मौजूद नए छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई। लालकुर्ती पुलिस और एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और छह लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
फ्रेशर छात्र की पिटाई से शुरू हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, बीए प्रथम वर्ष का एक छात्र बुधवार को पहली बार कॉलेज आया था। आरोप है कि वह परिसर में बैठा था, तभी छात्र नेता अभिनव मल्लापुर गुट के कुछ युवक वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान बीच-बचाव के लिए दूसरे गुट (विजित तालियान) के छात्र भी वहां आ गए। इसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। छात्रों ने एक-दूसरे को जमीन पर गिराकर पीटा और बेल्टों का भी जमकर इस्तेमाल किया गया।

पुलिस के सामने भी भिड़े छात्र, 6 हिरासत में मारपीट की सूचना मिलते ही लालकुर्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बताया जा रहा है कि छात्र पुलिस के सामने भी हंगामा और मारपीट करते रहे। मामला बढ़ता देख एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले भी भारी पुलिस बल के साथ कॉलेज पहुंचे। एसपी सिटी ने बताया कि मेरठ कॉलेज बवाल की सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है। मौके से छात्र नेता अभिनव मल्लापुर और विजित तालियान सहित कुल 6 युवकों को हिरासत में लिया गया है। इन सभी से लालकुर्ती थाने में पूछताछ की जा रही है।
बाहरी युवकों के प्रवेश पर उठे सवाल बुधवार को कॉलेज में एडमिशन का दिन था, जिससे परिसर में काफी भीड़ थी। मारपीट के दौरान छात्राएं सहम गईं और इधर-उधर भागने लगीं। कॉलेज के कई छात्रों का आरोप है कि परिसर में अक्सर बाहरी युवक घुस आते हैं और बवाल करते हैं। एसपी सिटी ने कॉलेज में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। हालांकि, घटना के समय प्रिंसिपल और चीफ प्रॉक्टर अवकाश पर थे, इसलिए अन्य अधिकारियों से जानकारी जुटाई जा रही है।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले भी मेरठ कॉलेज परिसर का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक हथियार लहराता दिखा था। उस मामले में भी पुलिस जांच के दौरान अभिनव मल्लापुर और उसके साथियों का नाम सामने आया था। फिलहाल पुलिस पकड़े गए युवकों के कॉलेज छात्र होने या बाहरी होने की पुष्टि कर रही है।