बिजनौर जिले के धामपुर थाना क्षेत्र के गांव करनावाला में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक बहू ने अपनी ही सास की बड़ी बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला ने घटना को एक हादसा साबित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे उसका सारा झूठ पकड़ा गया।

सीढ़ियों से गिरने की रची झूठी कहानी मृतका के बेटे और आरोपी प्रीति के पति कमल ने बताया कि वह रोजमर्रा की तरह दोपहर का खाना खाकर अपने काम पर चला गया था। कुछ समय बाद उसकी पत्नी प्रीति का फोन आया। प्रीति ने घबराते हुए कहा कि मां ओमवती जीने (सीढ़ियों) से नीचे गिर गई हैं और उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। पत्नी की बात सुनकर कमल बदहवास हालत में तुरंत घर पहुंचा। जब उसने घर में अपनी मां को जमीन पर खून से लथपथ पड़े देखा, तो उसके होश उड़ गए। मां के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान थे, जो किसी भी तरह से सीढ़ियों से गिरने के नहीं लग रहे थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

धारदार हथियार से रेता गया गला कमल के शोर मचाने पर धीरे-धीरे परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। मामला संदिग्ध लगने पर तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब घटनास्थल का मुआयना किया और प्रीति से पूछताछ शुरू की, तो वह लगातार पुलिस को गुमराह करती रही। कमल ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी ने ही मां की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या की है।

पुलिस की सख्ती पर कबूला गुनाह जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो प्रीति टूट गई और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने मृतका ओमवती के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव वापस लाया गया, तो पूरे इलाके में मातम छा गया। गमगीन माहौल में परिजनों ने मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया है। फिलहाल, धामपुर पुलिस ने आरोपी बहू प्रीति को अपनी हिरासत में ले लिया है और उसे न्यायालय में पेश करने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।