मेरठ के फिटनेस प्रेमी युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। बॉलीवुड के मशहूर एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ और उनकी बहन कृष्णा श्रॉफ से जुड़े फिटनेस ब्रांड 'MMA Matrix Gym' ने अब मेरठ में भी अपनी शुरुआत कर दी है। सोमवार को शहर के सिविल लाइंस स्थित टाउनहाउस-5 (राजलोक, कारीगिरी रेस्टोरेंट के ऊपर) में इस भव्य जिम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
मेरठ कैंट के विधायक अमित अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर जिम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक ने न केवल जिम की सुविधाओं का जायजा लिया, बल्कि विभिन्न आधुनिक मशीनों पर खुद एक्सरसाइज करके फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया। इस कार्यक्रम के आयोजन में अंकित अग्रवाल और जतिन बिंद्रा का विशेष सहयोग रहा।

आधुनिक मशीनें और मार्शल आर्ट्स केज की सुविधा जिम की फ्रेंचाइजी ओनर कविता पंवार और उनके पुत्र देवेश पंवार ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य मेरठ के लोगों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस जिम को पूरी तरह से आधुनिक मशीनों और लेटेस्ट फिटनेस इक्विपमेंट से सुसज्जित किया गया है।

इस जिम की सबसे बड़ी खासियत यहां दी जाने वाली MMA (मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स) ट्रेनिंग और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग की सुविधा है। मार्शल आर्ट्स की विशेष ट्रेनिंग के लिए जिम के अंदर एक अलग 'केज' (Cage) भी बनाया गया है। सदस्यों को सही मार्गदर्शन देने के लिए जिम में सर्टिफाइड और प्रशिक्षित ट्रेनर्स नियुक्त किए गए हैं। फिटनेस मैनेजर विक्रम सिंह और हेड ट्रेनर अभिषेक चंदेल की टीम सदस्यों की फिटनेस का पूरा जिम्मा संभालेगी।
'बदलती लाइफस्टाइल में जिम बेहद जरूरी' उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने फिटनेस के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं का फिटनेस और जिम की तरफ आकर्षण तेजी से बढ़ा है, जो कि एक सकारात्मक बदलाव है। उन्होंने पुराने समय का जिक्र करते हुए कहा कि पहले लोग रोजमर्रा के कामों के लिए साइकिल चलाते थे और घरों में शारीरिक मेहनत वाले काम होते थे, जिससे शरीर की कसरत अपने आप हो जाती थी। लेकिन अब आधुनिक मशीनों और बदलती लाइफस्टाइल के कारण लोगों की शारीरिक गतिविधियां बहुत कम हो गई हैं।
विधायक ने सलाह दी कि जो लोग दिनभर शारीरिक मेहनत का काम करते हैं, उन्हें शायद अलग से जिम जाने की जरूरत न हो, लेकिन जिनकी दिनचर्या बैठकर काम करने वाली (सिडेंटरी) है, उनके लिए जिम जाना बहुत उपयोगी है। सुबह काम शुरू करने से पहले या शाम को काम खत्म होने के बाद एक्सरसाइज करने से शरीर को सक्रिय, ऊर्जावान और स्वस्थ बनाए रखने में काफी मदद मिलती है।