गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' के मेकर्स ने दर्शकों को एक बड़ा तोहफा दिया है। फिल्म का पहला गाना 'जय जय राम' आधिकारिक तौर पर रिलीज कर दिया गया है। रिलीज होते ही यह गाना सोशल मीडिया पर छा गया है और फैंस इसे खूब पसंद कर रहे हैं। इस भव्य गीत में ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान के जादुई संगीत के साथ अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की भावपूर्ण आवाज का बेहतरीन संगम देखने को मिल रहा है।

गीत में पिरोए गए हैं राम के जीवन के अहम पल 'जय जय राम' गाने के बोल मशहूर कवि और लेखक डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। यह गाना केवल एक संगीत नहीं, बल्कि आरती के आध्यात्मिक भाव और एक भव्य सिनेमाई अनुभव का अद्भुत मिश्रण है। गाने के दृश्यों में भगवान राम के जीवन के कई महत्वपूर्ण और भावुक पलों को पर्दे पर उतारा गया है। इसमें माता सीता के साथ उनके विवाह से लेकर भाई भरत के साथ उनके मार्मिक मिलन तक के दृश्य शामिल हैं। इसके बोल श्री राम की करुणा, उनकी सुरक्षा की भावना और धर्म के पालन को गहराई से दर्शाते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

ए.आर. रहमान ने बताया गाने का मूल उद्देश्य गाने के संगीत को लेकर ए.आर. रहमान ने एक प्रेस नोट में अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा, "'जय जय राम' के केंद्र में श्री राम के नाम का सरल लेकिन बेहद प्रभावशाली दोहराव है। संगीत के नजरिए से हमारा मकसद एक प्रार्थना की शुद्धता और आत्मीयता को बनाए रखते हुए इसे एक सिनेमाई गाने का रूप देना था।" उन्होंने आगे कहा कि अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने डॉ. कुमार विश्वास के शब्दों को अपने खास जज्बाती अंदाज में पेश किया है, जिससे गाने की मूल भावना यानी भक्ति पूरी तरह से बरकरार रही है।

दिवाली 2026 पर रिलीज होगी 'रामायण' भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक मानी जा रही 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम के अवतार में नजर आएंगे, जबकि माता सीता की भूमिका में साई पल्लवी होंगी। इसके अलावा, साउथ सुपरस्टार यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में अपनी छाप छोड़ेंगे। इस महाकाव्य को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, आठ बार एकेडमी अवॉर्ड जीतने वाली कंपनी डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स द्वारा मिलकर बनाया जा रहा है। मेकर्स के अनुसार, 'रामायण पार्ट वन' 2026 की दिवाली के खास मौके पर दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।