उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में शिक्षक नौशाद अहमद हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। नजीबाबाद थाना क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी गौरव ने खुद पुलिस थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया है। आरोपी अपने साथ हत्या में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार भी लेकर आया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हथियारों के साथ आरोपी ने किया सरेंडर 15 सितंबर को मृतक शिक्षक नौशाद अहमद की पत्नी खुर्शीदा की तहरीर पर पुलिस ने पूरनपुर गढ़ी निवासी गौरव के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं। इसी बीच आरोपी गौरव खुद नजीबाबाद थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से दो अवैध तमंचे (315 बोर), सात जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है। इसके अलावा घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम को दो और खोखे मिले थे। हथियारों की बरामदगी के बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली है।

हत्या की मुख्य वजह: प्रेम प्रसंग का शक और पुरानी रंजिश पुलिस पूछताछ में आरोपी गौरव ने हत्या के पीछे की जो वजह बताई, वह एक पुरानी रंजिश और एक युवक-युवती के विवाद से जुड़ी है। आरोपी ने बताया कि करीब चार महीने पहले उसने एक युवती को तालिब नाम के एक युवक के साथ बाइक पर घूमते हुए देखा था। गौरव ने इसकी जानकारी तुरंत युवती के भाई को दे दी थी।

आरोपी को शक था कि तालिब और शिक्षक नौशाद अहमद के बीच गहरे संबंध थे और नौशाद ही तालिब को उस युवती से बातचीत करने के लिए उकसाता था। पुलिस के अनुसार, इस घटना के बाद करीब चार दिन पहले नौशाद ने आरोपी गौरव को इस मामले से दूर रहने की हिदायत दी थी। आरोपी का दावा है कि इसी दौरान दोनों के बीच तीखी नोकझोंक, मारपीट और धमकी देने की घटना हुई थी। इसी विवाद के बाद गौरव के मन में नौशाद के प्रति गहरी रंजिश पैदा हो गई थी।

स्कूल के बाहर घात लगाकर किया हमला आरोपी गौरव ने बताया कि अपनी रंजिश का बदला लेने के लिए उसने 15 सितंबर को हत्या की साजिश रची। वह दो तमंचे और कारतूस लेकर नौशाद के स्कूल के बाहर एक पुलिया के पास घात लगाकर बैठ गया। जैसे ही शिक्षक नौशाद स्कूल से बाहर निकले, आरोपी ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जान बचाने के लिए नौशाद वापस स्कूल के अंदर की तरफ भागे, लेकिन गोली लगने से उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

बिजनौर के एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई (SP Krishan Kumar Vishnoi) ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ के आधार पर पुलिस मामले की अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन