अमेरिका के लॉस एंजिल्स में मंगलवार शाम एक भीषण हादसा हुआ, जिसने मीडिया जगत और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया। एनबीसी (NBC) चैनल का एक न्यूज हेलिकॉप्टर लाइव कवरेज के दौरान अचानक क्रैश हो गया। इस लॉस एंजिल्स हेलिकॉप्टर क्रैश में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें हेलिकॉप्टर के पायलट, एक एरियल फोटो जर्नलिस्ट और जमीन पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और पार्किंग एरिया में खड़ी कई वाहनों में आग लग गई।

लाइव कवरेज के दौरान हुआ हादसा जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर NBC4 चैनल का 'NewsChopper4' था। यह हेलिकॉप्टर लॉस एंजिल्स में एक अन्य बड़े सड़क हादसे की हवाई कवरेज कर रहा था। वहां एक सिटी बस और एसयूवी (SUV) के बीच भीषण टक्कर हुई थी। इसी बस दुर्घटना की पल-पल की जानकारी दर्शकों तक पहुंचाने के दौरान न्यूज हेलिकॉप्टर अचानक अनियंत्रित होकर एक पार्किंग एरिया में जा गिरा और धू-धू कर जलने लगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

हादसे में पायलट और पत्रकार ने गंवाई जान इस दर्दनाक लॉस एंजिल्स हेलिकॉप्टर क्रैश में जान गंवाने वालों में पायलट जॉर्ज मार्सिनिव और एरियल फोटो जर्नलिस्ट एलियाना मोरेनो शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति घटना के समय नीचे पार्किंग एरिया में मौजूद था। हेलिकॉप्टर के गिरते ही उसमें जोरदार धमाका हुआ और भीषण आग लग गई। इस आग की चपेट में पार्किंग में खड़ी कुछ अन्य गाड़ियां भी आ गईं, जिससे नुकसान और बढ़ गया।

बस-SUV की टक्कर में भी गई थी दो की जान गौरतलब है कि जिस सड़क दुर्घटना को कवर करने के लिए NewsChopper4 उड़ान भर रहा था, वह क्रैश साइट से लगभग 2.4 किलोमीटर की दूरी पर हुई थी। उस बस और एसयूवी की टक्कर में भी कम से कम दो लोगों की मौत हो गई थी और छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। आसमान से कई अन्य न्यूज चैनलों के हेलिकॉप्टर भी इस घटना को कवर कर रहे थे, तभी यह दूसरा बड़ा हादसा हो गया।

प्रशासन और चैनल की प्रतिक्रिया लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट के अधिकारियों के अनुसार, हेलिकॉप्टर क्रैश के बाद बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा। हादसे के बाद दो लोगों को अस्पताल ले जाया गया है, हालांकि उनकी वर्तमान स्थिति के बारे में अभी कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। हादसे की सूचना मिलते ही NBC Los Angeles ने अपनी लाइव कवरेज तुरंत रोक दी। बाद में चैनल ने पुष्टि की कि दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर उनका ही था।

NBC4 और Telemundo 52 ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अपने सहयोगियों और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने इस दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन