भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश भर के मौसम को लेकर एक बड़ा और महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर बने कम दबाव के क्षेत्र (Low Pressure Area) और असम तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के कारण 17 सितंबर को देश के 20 राज्यों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में मूसलाधार बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

उत्तर और मध्य भारत में 80 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी तूफानी हवाएं

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्से में 17 से 22 सितंबर के दौरान तेज बारिश और आंधी-तूफान का दौर देखने को मिलेगा। दिल्ली-NCR में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 20 से 30 किमी प्रति घंटे की हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने के आसार जताए गए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

​उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, आगरा, बरेली, प्रयागराज और गोरखपुर सहित कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी यूपी में 17 से 19 सितंबर और पूर्वी यूपी में 17 से 21 सितंबर के बीच रुक-रुक कर झमाझम बारिश होगी। पर्वतीय राज्य उत्तराखंड के हरिद्वार, ऋषिकेश और नैनीताल में हवा की रफ्तार 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी आंधी और बिजली चमकने का अलर्ट है। राजस्थान और मध्य प्रदेश के जबलपुर, छिंदवाड़ा व उज्जैन जैसे इलाकों में 50 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश का अनुमान जताया गया है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश व वज्रपात की आशंका

पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार और झारखंड में 17 से 22 सितंबर के दौरान छिटपुट से लेकर भारी बारिश की गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी। बिहार और झारखंड में 17 और 18 सितंबर को 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और तेज आकाशीय बिजली चमकने की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम में खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे न जाने की हिदायत दी है।

​पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 17 से 19 सितंबर के दौरान मध्यम से भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की तूफानी हवाओं के साथ 18 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

दक्षिण और पश्चिम भारत में भी मूसलाधार बारिश की संभावना

पश्चिम भारत में गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 17 से 19 सितंबर तक गरज-चमक के साथ व्यापक वर्षा होने के आसार हैं। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक में 17 से 20 सितंबर तक मूसलाधार बारिश जारी रहेगी। तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश के इलाकों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की गति से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों ने तटीय और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन