उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में गुरुवार तड़के एक दिल दहला देने वाली आपराधिक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर शिकारपुर थाना क्षेत्र के रनाईच गांव में 45 वर्षीय किसान लालाराम की धारदार हथियार से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए मृतक का बायां पैर काटकर शरीर से अलग कर दिया और शव को घर के बगल वाली सड़क पर फेंक दिया। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे जब गांव वालों ने खून से लथपथ लाश देखी, तो तत्काल पुलिस को सूचना दी।
रात में सोने गए थे, सुबह मिली क्षत-विक्षत लाश जानकारी के अनुसार, लालाराम गांव में अपने दो मंजिला मकान में परिवार के साथ रहते थे और खेती-किसानी करके घर का खर्च चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी रजनी देवी, दो बेटे (गौरव और मोहित), एक बेटी सीमा और बहू शामिल हैं। बड़े बेटे गौरव ने बताया कि पिता लालाराम रोजमर्रा का काम निपटाकर बुधवार शाम को घर आए थे। रात करीब 10 बजे सभी ने खाना खाया, जिसके बाद लालाराम पहली मंजिल पर स्थित अपने कमरे में सोने चले गए। परिवार के बाकी सदस्य नीचे के कमरों में सो रहे थे। सुबह जब बाहर चीख-पुकार मची, तो परिवार की नींद खुली। बाहर आकर देखा तो लालाराम का शव सड़क पर पड़ा था और उनका कटा हुआ पैर शव से लगभग 5 मीटर दूर पड़ा हुआ था।

घर के अंदर मिले खून के निशान, सबूत मिटाने की आशंका घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी दिनेश कुमार सिंह और एसपी देहात अंतरिक्ष जैन समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फॉरेंसिक टीम (फील्ड यूनिट) के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान फील्ड यूनिट ने घर के कमरों में बेंजीडिन टेस्ट किया, जिसमें कमरों के अंदर खून के निशान पाए गए हैं। पुलिस को शक है कि वारदात जिस कमरे में हुई, उसे पुलिस के पहुंचने से पहले धोया गया था, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। इस तथ्य के सामने आने के बाद हत्या में किसी करीबी या घर के अंदर मौजूद शख्स की संलिप्तता का भी अंदेशा जताया जा रहा है।
इन तीन अहम सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस पुलिस फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की तीन मुख्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। पहला, शव पर धारदार हथियार से कई वार हैं, ऐसे में यह पता लगाया जा रहा है कि लालाराम की हत्या घर के अंदर हुई या उन्हें रात में किसी बहाने बाहर बुलाकर मारा गया। दूसरा, अगर वारदात घर के अंदर हुई तो कमरा किसने धोया और सबूत मिटाने की कोशिश किसने की? तीसरा, क्या कोई बाहरी व्यक्ति छत के रास्ते ऊपरी मंजिल पर पहुंचा था? मृतक की पत्नी रजनी का मानना है कि हत्या के बाद शव को छत से नीचे सड़क पर फेंका गया होगा।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि हत्या के कारणों, घटनास्थल की असल स्थिति और वारदात में शामिल लोगों की पहचान के लिए हर पहलू पर गहराई से जांच की जा रही है। परिवार के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही समय और कारण स्पष्ट हो सकेगा।