आज के दौर में रिश्तों की जटिलताओं और उनके बीच के अनकहे जज्बातों को समझना बेहद जरूरी हो गया है। इसी विचार को आधार बनाते हुए निर्माता रोहित राजावत अपनी नई और पहली फीचर फिल्म 'डिअर हस्बैंड' (Dear Husband) के जरिए दर्शकों को एक भावनात्मक सफर पर ले जाने के लिए तैयार हैं। शूटिंग सेंस के बैनर तले बनी यह फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। यह फिल्म रिश्तों में भरोसा, वफादारी और समर्पण जैसे संवेदनशील विषयों को बड़ी ही खूबसूरती से पर्दे पर पेश करेगी।

वास्तविक घटना से प्रेरित है कहानी 'डिअर हस्बैंड' की कहानी पति-पत्नी और परिवार के बीच के उन अनकहे सच और जज्बातों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनसे आज के समय में हर आम इंसान खुद को जुड़ा हुआ महसूस करता है। निर्माताओं के अनुसार, यह फिल्म एक वास्तविक घटना से प्रेरित है। हालांकि, इसे बड़े पर्दे के अनुकूल बनाने के लिए कहानी को पूरी तरह से काल्पनिक रूप देकर बुना गया है। फिल्म का उद्देश्य समाज के सामने रिश्तों की उस सच्चाई को सामने लाना है, जो अक्सर रोजमर्रा की भागदौड़ में कहीं छिप जाती है।

विज्ञापन
विज्ञापन

दमदार स्टारकास्ट और रोहित राजावत की नई पारी वेब सीरीज 'निशाचर' और कई बेहतरीन शॉर्ट फिल्मों का सफलतापूर्वक निर्माण कर चुके रोहित राजावत अब फीचर फिल्म निर्माता के तौर पर अपनी नई पारी की शुरुआत कर रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन धर्मेंद्र कुमार ने किया है, जिन्होंने कहानी के हर पहलू को बहुत ही बारीकी से पर्दे पर उतारा है।

अभिनय की बात करें तो 'डिअर हस्बैंड' में अजीत गोस्वामी और पूर्णिमा शर्मा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इन दोनों मंझे हुए कलाकारों के साथ-साथ खुद निर्माता रोहित राजावत भी फिल्म में एक बेहद महत्वपूर्ण किरदार निभाते हुए दिखाई देंगे। दर्शकों को इनकी अदाकारी और आपसी तालमेल से काफी उम्मीदें हैं।

उत्तर प्रदेश से होगी रिलीज की शुरुआत इस फिल्म की एक और खास बात यह है कि इसकी पूरी शूटिंग उत्तर प्रदेश में हुई है। इसलिए, कहानी में यूपी की स्थानीय भाषा, संस्कृति और सामाजिक परिवेश की स्पष्ट झलक देखने को मिलेगी। मेकर्स का दावा है कि दर्शक इस फिल्म में अपने आसपास के परिवेश और जिंदगी को महसूस कर पाएंगे।

रणनीति के तहत फिल्म 'डिअर हस्बैंड' को सबसे पहले 25 सितंबर को उत्तर प्रदेश के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। यूपी में दर्शकों का रिस्पॉन्स देखने के बाद मेकर्स की योजना इस फिल्म को मुंबई और देश के अन्य हिस्सों में भी व्यापक स्तर पर रिलीज करने की है।

विज्ञापन
विज्ञापन