उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में चांदपुर थाना पुलिस ने सर्राफा (ज्वैलरी) की दुकान में हुई चोरी की घटना का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इन महिलाओं के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल की गई दो स्विफ्ट कारें भी बरामद हुई हैं। पुलिस की पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
#BijnorPolice#UPPolice pic.twitter.com/jaFuXocri2
— BIJNOR POLICE (@bijnorpolice) September 18, 2026
12 सितंबर को दर्ज हुआ था मुकदमा
यह पूरा मामला चांदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर नंगला का है। गांव के ही निवासी दिनेश वर्मा ने 12 सितंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी ज्वैलरी की दुकान से अज्ञात चोरों ने सोने के आभूषण पार कर दिए हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने गहराई से जांच शुरू की, जिसमें इस वारदात के पीछे महिलाओं के शामिल होने की अहम जानकारी हाथ लगी।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›
चोरी के जेवर और दो कारें बरामद
सुरागों के आधार पर चांदपुर पुलिस ने जाहिदा उर्फ छोटी और आशिया नाम की दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों के पास से चोरी के 3 जोड़ी कुंडल (पीली धातु) और 4 जोड़ी बिछवे (सफेद धातु) बरामद किए गए हैं। इसके अलावा वारदात को अंजाम देने में उपयोग की गई दो स्विफ्ट कारें भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली हैं।
#BijnorPolice
थाना चांदपुर पुलिस द्वारा मु0अ0सं0 552/26 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस से संबंधित 02 अभियुक्ताओं को चोरी किए गए सामान व घटना में प्रयुक्त 02 कार सहित गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक, जनपद बिजनौर की बाइट।#UPPolice pic.twitter.com/0rmGxcwGGt— BIJNOR POLICE (@bijnorpolice) September 18, 2026
7 सितंबर को दिया था वारदात को अंजाम
गिरफ्तार महिलाओं ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 7 सितंबर को रसूलपुर नंगला स्थित सर्राफा दुकान में सेंधमारी की थी। चोरी के बाद जेवरात सभी आरोपियों ने आपस में बांट लिए थे, जिनमें से बरामद जेवर इन दोनों महिलाओं के हिस्से में आए थे।
अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। पुलिस पूछताछ में इस गिरोह में शामिल खातून, आशमीन, रुखसाना, फरीद खां और भूरिया उर्फ जाकिर के नाम भी उजागर हुए हैं। जांच में सामने आया है कि फरीद खां और भूरिया उर्फ जाकिर घटना के समय कार चला रहे थे।
एसपी बिजनौर, कृष्ण कुमार विश्नोई ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और गिरफ्तार दोनों महिलाओं के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।