उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जिले के बनियाठेर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नेहटा गांव में एक नाबालिग प्रेमी युगल ने आम के पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। शनिवार सुबह गांव के बाहर खेत में दोनों के शव पेड़ से लटके मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों की बंदिशों के बाद उठाया आत्मघाती कदम पुलिस की प्रारंभिक जांच और परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि मृतकों में चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के गांव सैजनी निवासी 17 वर्षीय युवक और 16 वर्षीय युवती शामिल हैं। दोनों के घर एक-दूसरे से महज सात-आठ मकानों की दूरी पर स्थित हैं और गांव के बाहरी हिस्से में उनके परिवारों के घेर (पशु बाड़ा) भी आपस में सटे हुए हैं। पड़ोस में रहने के कारण दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि बीते सावन के महीने में दोनों के परिवारों को उनके इस रिश्ते के बारे में भनक लग गई थी। इस खुलासे के बाद से ही दोनों के परिजनों ने उन पर कड़ी बंदिशें लगा दी थीं और उनका मिलना-जुलना बंद करा दिया था। पुलिस का मानना है कि इसी पारिवारिक दबाव के चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।

रातभर तलाशते रहे परिजन, सुबह खेत में मिले शव मृतक युवक की मां ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा पिछले दो दिनों से इलाके में लगा गणेश मेला देखने जा रहा था। शुक्रवार शाम करीब सात बजे भी वह घर से मेला जाने की बात कहकर ही निकला था। रात लगभग 11 बजे जब युवती के घर वालों को उसके अचानक गायब होने का पता चला, तो हड़कंप मच गया। युवती की मां तुरंत युवक के घर पहुंची और पूछताछ की। इसके बाद दोनों परिवारों ने मिलकर रातभर उनकी हर संभावित जगह पर तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह करीब नौ बजे गांव से लगभग आधा किलोमीटर दूर नेहटा निवासी किसान नीरज शर्मा अपने धान के खेत पर पहुंचे। वहां उन्होंने ट्यूबवेल की कोठरी के पास आम के पेड़ से दोनों के शव लटके हुए देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही सीओ विवेक जावला, चंदौसी कोतवाल संत कुमार और थाना बनियाठेर प्रभारी बोबिंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने देखा कि युवक के गले में गुलाबी रंग का दुपट्टा और युवती के गले में काले रंग का गोल्डन बॉर्डर वाला गमछा कसा हुआ था। फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम सुराग जुटाए। पुलिस को घटनास्थल से युवती की चप्पल मिली है, जबकि तलाशी के दौरान युवक की जेब से युवती का कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›सीओ विवेक जावला ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस दोनों परिवारों के बयान दर्ज कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी और उसी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।