देशभर में मानसून की विदाई का समय नजदीक आ गया है, लेकिन कई राज्यों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, शनिवार यानी 19 सितंबर को देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली चमकने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली का हाल
- उत्तर प्रदेश: मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर समेत पूर्वी व पश्चिमी यूपी के कई जिलों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश और गरज-चमक के आसार हैं।
- दिल्ली-एनसीआर: राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश की रफ्तार अब धीमी पड़ चुकी है। 19 सितंबर को दिनभर आंशिक बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम 23°C रहने का अनुमान है।
- बिहार: पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया समेत अधिकांश हिस्सों में 55-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मूसलाधार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
राजस्थान में बारिश के बीच मानसून विदाई की तैयारी
राजस्थान में बने नए मौसमी तंत्र के चलते कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार 19 सितंबर से पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं और 21 सितंबर से मौसम मुख्य रूप से शुष्क होने लगेगा।
पहाड़ों पर लैंडस्लाइड का खतरा, किसानों को सलाह
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश के चलते भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, गुजरात और महाराष्ट्र में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। पूर्वी भारत में बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए किसानों और मछुराहों को खुले मैदानों व जलस्रोतों से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं।