Apple की नई iPhone 18 Series की भारत में बिक्री शुक्रवार, 18 सितंबर से शुरू हो गई। मुंबई, दिल्ली, नोएडा और बेंगलुरु जैसे शहरों में लॉन्च के दिन Apple Stores के बाहर ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई ग्राहक सुबह से पहले ही स्टोर पहुंच गए, जबकि कुछ लोग रातभर लाइन में लगे रहे। इसका असर मेरठ के मोबाइल बाजार में भी देखने को मिल रहा है। यहां नए iPhone मॉडल्स को लेकर ग्राहक लगातार जानकारी और उपलब्धता पूछ रहे हैं।

अवंतिका डिजिटल मोबाइल स्टोर

मेरठ में Apple के Premium Reseller स्टोर्स के साथ स्थानीय मोबाइल दुकानों पर भी iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को लेकर पूछताछ हो रही है। ग्राहक नए मॉडल की कीमत, उपलब्धता, बुकिंग और डिलीवरी को लेकर जानकारी ले रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

गंगानगर में दो ग्राहकों ने कराई एडवांस बुकिंग

गंगानगर स्थित अवंतिका डिजिटल मोबाइल स्टोर के संचालक आशीष मलिक ने बताया कि iPhone 18 Series की लॉन्चिंग के बाद से लोग लगातार नए मॉडल के बारे में पूछताछ करने पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि दो ग्राहक एडवांस बुकिंग भी करा चुके हैं।

आशीष मलिक के मुताबिक, अभी कंपनी की तरफ से iPhone 18 Series का स्टॉक स्टोर पर नहीं आया है। जैसे ही कंपनी से माल उपलब्ध होगा, बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को फोन उपलब्ध करा दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि लॉन्च के बाद से ग्राहकों की ओर से नए iPhone को लेकर लगातार जानकारी ली जा रही है। खासतौर पर Pro और Pro Max मॉडल को लेकर पूछताछ हो रही है।

मेरठ में iDelta और Imagine Store पर भी उपलब्धता

मेरठ में Apple के अधिकृत रिटेल नेटवर्क के तहत iDelta के चिप्पी टैंक और S2S Aspire स्थित स्टोर हैं। वहीं Imagine का भी मेरठ में रिटेल स्टोर है। नए iPhone मॉडल्स को लेकर इन स्टोर्स पर भी ग्राहक उपलब्धता और खरीदारी से जुड़ी जानकारी ले रहे हैं।

लॉन्च के दिन देश के कई हिस्सों में ग्राहकों की दिलचस्पी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कुछ लोग स्टोर खुलने से कई घंटे पहले ही कतार में पहुंच गए थे। मुंबई में एक ग्राहक करीब 10 से 12 घंटे इंतजार करने के बाद iPhone 18 Pro और Pro Max खरीदने पहुंचा। नोएडा में पंजाब से पहुंचे एक ग्राहक ने सुबह करीब 6 बजे कतार में लगकर iPhone 18 Pro Max खरीदा।

iPhone 18 Pro की कीमत ₹1,64,900 से शुरू

भारत में iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत ₹1,64,900 है। इसका शुरुआती मॉडल 256GB स्टोरेज के साथ आता है। वहीं iPhone 18 Pro Max की शुरुआती कीमत ₹1,79,900 है।

iPhone 18 Pro के 512GB मॉडल की कीमत ₹1,89,900, 1TB मॉडल की ₹2,39,900 और 2TB मॉडल की ₹3,14,900 है। वहीं iPhone 18 Pro Max के 512GB मॉडल की कीमत ₹2,04,900, 1TB की ₹2,54,900 और 2TB मॉडल की ₹3,29,900 है।

लॉन्च के साथ ही ग्राहक इनकी कीमत के अलावा बैंक ऑफर, एक्सचेंज और स्टॉक की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी ले रहे हैं।

मेरठ में स्टॉक आने के बाद बढ़ सकती है डिमांड

फिलहाल मेरठ के अलग-अलग स्टोर्स पर iPhone 18 Series की उपलब्धता अलग हो सकती है। कुछ स्टोर्स पर बुकिंग शुरू हो चुकी है, जबकि कुछ स्थानीय दुकानदार कंपनी से स्टॉक आने का इंतजार कर रहे हैं।

अवंतिका डिजिटल के संचालक आशीष मलिक के मुताबिक, स्टॉक पहुंचते ही एडवांस बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को फोन उपलब्ध करा दिया जाएगा। इससे साफ है कि लॉन्च के दिन ही मेरठ में नए iPhone को लेकर ग्राहकों ने खरीदारी के लिए पूछताछ और बुकिंग शुरू कर दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन