उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्योहारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गल्लाखेड़ी गांव में अज्ञात चोरों ने एक बैंक में सेंधमारी कर चोरी का दुस्साहसपूर्ण प्रयास किया। गुरुवार की रात एक शातिर चोर ने सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा को अपना निशाना बनाया, लेकिन उसकी सारी योजना धरी की धरी रह गई। खिड़की तोड़कर बैंक के अंदर दाखिल हुआ यह चोर स्ट्रॉन्ग रूम तक तो पहुंच गया, लेकिन तिजोरी का ताला तोड़ने में नाकाम रहने पर उसे खाली हाथ ही लौटना पड़ा। यह पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। स्थानीय पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई है।

चादर ओढ़कर आया चोर, काट दिए बिजली के तार प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात को एक अज्ञात चोर ने बैंक के पिछले हिस्से की खिड़की तोड़ी और बड़ी आसानी से अंदर घुस गया। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर ने अपनी पहचान छिपाने के लिए अपने चेहरे और शरीर को एक बड़ी चादर से ढका हुआ था। साथ ही उसने पैरों में जूते पहने हुए थे। बैंक के अंदर दाखिल होते ही सबसे पहले उसने बिजली के तार काट दिए। शातिर चोर का मानना था कि तार कटने से बैंक में अंधेरा हो जाएगा और सुरक्षा कैमरे काम करना बंद कर देंगे। लेकिन, उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि बिजली कटने के बावजूद बैंक के कैमरे लगातार काम कर रहे थे, जिनमें उसकी सारी हरकतें रिकॉर्ड हो रही थीं।

विज्ञापन
विज्ञापन

स्ट्रॉन्ग रूम का ताला तोड़ने में रहा नाकाम शनिवार सुबह सामने आए वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि चोर बैंक के अंदर अलग-अलग जगहों पर बेखौफ होकर घूमता है। इसके बाद वह बैंक के सबसे सुरक्षित हिस्से यानी स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचता है। उसने स्ट्रॉन्ग रूम और वहां रखी बैंक की अलमारी का ताला खोलने और उसे तोड़ने का काफी प्रयास किया। काफी देर तक जद्दोजहद करने के बाद भी जब वह ताला नहीं खोल सका, तो उसे अपनी हार माननी पड़ी और वह खाली हाथ ही वहां से भाग निकला। अगर चोर स्ट्रॉन्ग रूम का ताला तोड़ने में कामयाब हो जाता, तो बैंक को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता था।

टूटी खिड़की देखकर बैंक कर्मियों को हुई जानकारी गल्लाखेड़ी स्थित इस बैंक भवन के मालिक कृष्ण बहादुर ने जब सुबह बैंक की तरफ देखा, तो उन्हें खिड़की टूटी हुई नजर आई। किसी अनहोनी की आशंका के चलते उन्होंने तुरंत इसकी सूचना सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक रविंद्र कुमार को दी। सूचना मिलते ही बैंक के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा, तो सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत स्योहारा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से मुआयना किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिया है और बैंक कर्मियों के बयान दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन