उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो भोले-भाले लोगों को गैस कनेक्शन दिलाने का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाता था। चांदपुर थाना क्षेत्र में इस जालसाज ने खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर एक युवती से सोने के जेवर और उसके पिता की बाइक ठग ली थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी को धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपी पर विभिन्न थानों में 15 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
गैस एजेंसी का कर्मचारी बनकर घर में की एंट्री चांदपुर के मोहल्ला फीना बस्ती सराय रफी निवासी इदरीश अहमद ने 27 अगस्त को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी शिकायत के अनुसार, 25 अगस्त की दोपहर करीब 12 बजे एक व्यक्ति उनके घर आया। उसने अपना परिचय अमरोहा के खेड़ा अपरोला गांव के निवासी और चांदपुर गैस एजेंसी के कर्मचारी के रूप में दिया। आरोपी ने बातों में उलझाकर गैस सिलेंडर दिलाने का भरोसा दिलाया और इदरीश की बेटी को साथ ले जाने के लिए उनकी पैशन प्रो बाइक मांग ली।
#BijnorPolice
थाना चांदपुर पुलिस द्वारा मु0अ0सं0 505/2026 धारा 318(2)/317(2) बीएनएस से वांछित अभियुक्त को ठगी के माल (आभूषण) एवं एक मो0सा0 सहित गिरफ्तार किया गया । #UPPolice pic.twitter.com/FSJwd2Rd9v— BIJNOR POLICE (@bijnorpolice) September 19, 2026
गारंटी के नाम पर जेवर लेकर हुआ फरार ठग ने बड़ी चालाकी से इदरीश की बेटी को रिलायंस पेट्रोल पंप के पास छोड़ दिया और फिर इदरीश को बहाने से अपने साथ ले जाकर दूसरी जगह छोड़ दिया। इसके बाद आरोपी वापस युवती के पास पहुंचा और गैस एजेंसी पर 'गारंटी' के तौर पर दिखाने के लिए उसके सोने के जेवर मांगे। युवती उसकी चिकनी-चुपड़ी बातों में आ गई और अपनी सोने की बालियां, कुंडल और पेंडल उसे दे दिए। ठग ने कहा कि वह ये जेवर उसके पिता को दे देगा, लेकिन इसके बाद वह जेवर और बाइक लेकर वहां से रफूचक्कर हो गया।
#BijnorPolice
थाना चांदपुर पुलिस द्वारा मु0अ0सं0 505/2026 धारा 318(2)/317(2) बीएनएस से वांछित अभियुक्त को ठगी के माल (आभूषण) एवं एक मो0सा0 सहित गिरफ्तार किया गया । इस संबंध मे श्री प्रकाश कुमार, पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण जनपद बिजनौर की बाइट ।#UPPolice pic.twitter.com/7Sxx0OWMLP— BIJNOR POLICE (@bijnorpolice) September 19, 2026
150 घंटे की सीसीटीवी फुटेज से खुला राज शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी ग्रामीण प्रकाश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल और आरोपी के भागने वाले रास्तों पर लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की जांच की। लगभग 150 घंटे की रिकॉर्डिंग खंगालने के बाद पुलिस को अहम सुराग मिले और संभल जिले के एचौड़ा कंबोह निवासी रिहान उर्फ मिंजार (पुत्र अनवर) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से ठगे गए जेवर (एक जोड़ी सोने की बालियां, कुंडल और गले का पेंडल) के साथ-साथ इदरीश की बाइक भी बरामद कर ली है। एसपी ग्रामीण के मुताबिक, यह एक बेहद शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ अलग-अलग जिलों में ठगी और चोरी के करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की विधिक कार्रवाई पूरी कर ली है।