उत्तर प्रदेश के मेरठ में बहुजन समाज पार्टी (BSP) सरकार में पूर्व मंत्री और मीट कारोबारी हाजी याकूब कुरैशी के छोटे बेटे फिरोज कुरैशी उर्फ भूरा को अदालत से बड़ी राहत मिली है। फायरिंग मामले में जेल में बंद भूरा की जमानत याचिका अदालत ने स्वीकार कर ली है। गुरुवार को अदालत में भूरा की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई थी, जिसके बाद शुक्रवार को कोर्ट ने उसकी जमानत का औपचारिक आदेश (Order) जारी कर दिया। भूरा को यह जमानत हाल ही में असलम पहलवान के घर पर की गई फायरिंग के मामले में मिली है।

असलम पहलवान के घर हुई थी फायरिंग बीते सोमवार की रात करीब एक बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के सराय बहलीम में सनसनीखेज घटना हुई थी। आरोप है कि फिरोज उर्फ भूरा अपने साथी अदनान के साथ पिस्टल लेकर सलमान गिरोह के शूटर असलम पहलवान के घर पहुंचा था। वहां उन्होंने जमकर बवाल काटा, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए फायरिंग की। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इसके बाद असलम की तहरीर पर कोतवाली थाने में भूरा और अदनान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। चर्चा है कि बेटे भूरा की लगातार बिगड़ैल हरकतों और कानून हाथ में लेने से परेशान होकर खुद हाजी याकूब ने ही उसे पुलिस के हवाले किया था, ताकि किसी बड़े एनकाउंटर जैसी स्थिति से बचा जा सके। पुलिस अब इस मामले में अदनान का रिमांड भी ले रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

2022 में लगा था गैंगस्टर, कई मामलों में रहा है विवादित फिरोज उर्फ भूरा का विवादों से पुराना नाता रहा है। साल 2022 में अवैध मीट फैक्ट्री चलाने के आरोप में हाजी याकूब, उनकी पत्नी, बड़े बेटे इमरान और भूरा समेत पूरे परिवार पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई हुई थी। पुलिस ने उनकी कई संपत्तियां सील कर दी थीं। भूरा इस मामले में 8 महीने तक फरार रहा था और उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले 2017 में एमपीजीएस स्कूल में हुए चर्चित 'हंटरवाली' कांड में उसने अपनी बहन का खुलकर समर्थन किया था। 2017 में ही व्यापारियों पर पिस्टल तानने, 2023 में सील मकान का ताला तोड़ने, 2024 में जाली दस्तावेजों से पासपोर्ट रिन्यू कराने और 2025 में बिना अनुमति रोड शो कर जाम लगाने जैसे कई गंभीर मामलों में भूरा पर केस दर्ज हो चुके हैं।

2027 के चुनाव की तैयारी में है याकूब परिवार राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि हाजी याकूब और उनका बड़ा बेटा इमरान आगामी 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। ऐसी अटकलें हैं कि इमरान बसपा के टिकट पर मेरठ दक्षिण, सरधना या शहर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। ऐसे में परिवार को लगता है कि छोटे बेटे भूरा की आपराधिक गतिविधियां और विवाद इमरान की राजनीतिक राह में मुश्किलें पैदा कर सकते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन