दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 के नतीजे शनिवार को घोषित कर दिए गए। 20 राउंड की गहन मतगणना के बाद सामने आए परिणामों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने अपना वर्चस्व कायम रखते हुए चार केंद्रीय पदों में से तीन पर शानदार जीत दर्ज की। ABVP ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के पदों पर कब्जा जमाया। वहीं, उपाध्यक्ष पद के नतीजे ने सभी को चौंका दिया, जहां निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने रिकॉर्ड वोटों के साथ ऐतिहासिक जीत हासिल की।

अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास विजयी DUSU चुनाव में सबसे प्रतिष्ठित अध्यक्ष पद पर ABVP के प्रत्याशी यश डबास ने जीत हासिल की। यश डबास को कुल 24,576 वोट मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी NSUI के विजय शंकर मीणा को 2,053 वोटों के अंतर से पराजित किया, जिन्हें 22,523 वोट प्राप्त हुए। अध्यक्ष पद की दौड़ में वामपंथी गठबंधन की प्रत्याशी अनन्या रतूड़ी 5,377 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

विज्ञापन
विज्ञापन

सचिव और संयुक्त सचिव सीट पर भी ABVP का कब्जा छात्रसंघ के सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी ने परचम लहराया। रिया को 21,650 वोट मिले, जबकि उनकी मुख्य प्रतिद्वंद्वी NSUI की नम्रता चौधरी 14,869 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। इसके अलावा संयुक्त सचिव पद पर भी ABVP प्रत्याशी लक्ष्य राज सिंह ने जीत दर्ज की। लक्ष्य राज सिंह को 16,615 वोट प्राप्त हुए। इस तरह चार मुख्य पदों में से तीन पर जीत दर्ज कर ABVP ने कैंपस में अपनी राजनीतिक मजबूती साबित की।

निर्दलीय दीपांशु शौकीन ने 30 हजार से अधिक वोट पाकर रचा इतिहास इस चुनाव में सबसे ज्यादा ध्यान उपाध्यक्ष पद के अप्रत्याशित नतीजे ने खींचा। इस पद पर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले दीपांशु शौकीन ने 30,615 वोट हासिल कर धमाकेदार जीत दर्ज की। दीपांशु पहले NSUI से जुड़े हुए थे, लेकिन संगठन से टिकट न मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर ताल ठोंकी थी। उन्होंने ABVP के इशु मौर्य (16,910 वोट) और NSUI के वीर छत्रथ (4,313 वोट) को करारी शिकस्त दी। दीपांशु शौकीन को मिले 30,615 वोट अध्यक्ष पद के विजेता यश डबास (24,576 वोट) से भी कहीं अधिक हैं, जिससे वह चारों केंद्रीय पदों के विजेताओं में सबसे अधिक वोट पाने वाले उम्मीदवार बन गए।

हाईकोर्ट के निर्देश: विजय जुलूस पर रोक मतगणना प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन ने दिल्ली हाईकोर्ट के कड़े निर्देशों का हवाला देते हुए सभी विजयी उम्मीदवारों और उनके समर्थकों को कैंपस या उसके बाहर किसी भी तरह का विजय जुलूस न निकालने की सख्त हिदायत दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कैंपस में शांति और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

विज्ञापन
विज्ञापन