उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में 'संकल्प सेवा अभियान' के अंतर्गत शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में एक विशेष जन जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस भव्य प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों, नीतियों और उपलब्धियों को दर्शाया गया है। जिला पंचायत बिजनौर के प्रशासक साकेंद्र प्रताप सिंह ने फीता काटकर इस विकास प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर बिजनौर की जिलाधिकारी जसजीत कौर ने भी प्रदर्शनी का गहनता से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पीएम मोदी के सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजन उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र सेवा में 25 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक उपलक्ष्य में देशभर में 'संकल्प सेवा अभियान' चलाया जा रहा है। बिजनौर जनपद में भी यह विशेष अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस एक महीने की अवधि के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों, गोष्ठियों और गतिविधियों के जरिए आम जनता को सरकार की जनहितकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी जा रही है। कलेक्ट्रेट परिसर के अलावा विकास भवन परिसर में भी यह विकास प्रदर्शनी लगाई गई है, जो आगामी 17 अक्टूबर तक आम लोगों के अवलोकन के लिए खुली रहेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

'बिचौलिया व्यवस्था खत्म कर सीधे खाते में आ रहा पैसा' उद्घाटन के अवसर पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए जिला पंचायत प्रशासक साकेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष देश के लिए अविस्मरणीय रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने गरीबों, किसानों और महिलाओं के लिए अनेकों जनकल्याणकारी योजनाएं बनाई हैं और उनका सफलतापूर्वक संचालन कर लाखों पात्र लोगों तक लाभ पहुंचाया है। उन्होंने पिछली सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री कहा करते थे कि जब सरकार एक रुपया भेजती है, तो लाभार्थी के खाते में केवल 10 पैसे ही पहुंचते हैं। लेकिन मोदी सरकार ने बिचौलिया व्यवस्था को जड़ से खत्म कर दिया है। आज डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से पूरी धनराशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में सुरक्षित रूप से हस्तांतरित की जा रही है।

डीएम ने की जनसामान्य से प्रदर्शनी देखने की अपील जिलाधिकारी जसजीत कौर ने प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन करते हुए प्रदर्शित योजनाओं के स्टॉल्स की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े हर पात्र व्यक्ति को लाभान्वित किया जा सके। डीएम ने जनपदवासियों से भी विशेष अपील की है कि वे समय निकालकर कलेक्ट्रेट और विकास भवन पहुंचकर इस प्रदर्शनी को जरूर देखें। उन्होंने कहा कि लोग अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी प्रेरित करें, जिससे वे सभी कल्याणकारी योजनाओं की सटीक जानकारी प्राप्त कर अपने आर्थिक और सामाजिक उत्थान की दिशा में आगे बढ़ सकें। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) देवेंद्र पाल सिंह समेत कई अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन