बिजनौर न्यूज: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस बेहद सख्त नजर आ रही है। जिले में बिना वैध दस्तावेजों, बिना नंबर प्लेट और सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर दौड़ रहे स्कूली वाहनों पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधीक्षक (यातायात) के निर्देशन में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी क्रम में नूरपुर क्षेत्र में सेंट मैरी स्कूल के पास यातायात पुलिस की टीम ने स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग की। चेकिंग के दौरान हड़कंप मच गया और नियम तोड़ने वाले कुल 07 स्कूली वाहनों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई।

चेकिंग देखकर गाड़ियां छोड़कर भागे चालक नूरपुर क्षेत्र में सेंट मैरी स्कूल के आसपास चलाई गई इस चेकिंग मुहिम के दौरान यातायात पुलिस ने नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहनों पर शिकंजा कसा। पुलिस कार्रवाई के दौरान 04 स्कूली वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत चालानी कार्रवाई की गई। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह रही कि चेकिंग के दौरान 03 ऐसे स्कूली वाहन पाए गए, जिन पर कोई पंजीकरण संख्या (नंबर प्लेट) प्रदर्शित नहीं थी। पुलिस टीम को सामने देखते ही इन तीनों वाहनों के चालक पकड़े जाने के डर से अपनी गाड़ियां मौके पर ही छोड़कर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों लावारिस छोड़े गए वाहनों को नियमानुसार सीज कर दिया और उन्हें सुरक्षा के लिहाज से नूरपुर थाने में खड़ा करा दिया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

यातायात पुलिस की सख्त चेतावनी इस बड़ी कार्रवाई के बाद बिजनौर यातायात पुलिस ने स्कूली वाहनों के स्वामियों और चालकों को कड़े शब्दों में चेतावनी जारी की है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा और यह उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना वैध कागजात, बिना रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट अथवा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना स्कूली वाहनों का संचालन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।

अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील यातायात पुलिस ने जिले के सभी विद्यालय प्रबंधनों और अभिभावकों से भी एक विशेष अपील की है। पुलिस ने कहा है कि बच्चों को घर से स्कूल लाने और ले जाने के लिए केवल उन्हीं वाहनों का प्रयोग किया जाए, जिनके पास सभी वैध दस्तावेज मौजूद हों और जो निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूरा करते हों। इसके अलावा अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे अपने बच्चों को जिस वाहन में भेज रहे हैं, उसके चालक के ड्राइविंग लाइसेंस (DL) और वाहन के फिटनेस व बीमा जैसे आवश्यक अभिलेखों की खुद भी समय-समय पर जांच अवश्य करें। यातायात पुलिस ने साफ किया है कि जिले में यह चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन