भारत में मॉनसून अब अपनी विदाई के दौर में है, लेकिन जाते-जाते भी कई राज्यों में यह जमकर बरसने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर के इलाकों से मॉनसून की वापसी शुरू हो चुकी है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड समेत 14 राज्यों में अभी भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी और मध्य भारत के लोगों को अभी कुछ और दिन झमाझम बारिश का सामना करना पड़ेगा।

दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत में थमी बारिश

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में सितंबर के महीने में मॉनसून रूठा ही रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली से मॉनसून ने लगभग विदाई ले ली है और अगले एक हफ्ते तक यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है। आसमान साफ रहने या हल्के बादल छाए रहने का अनुमान है। इसी तरह, पंजाब, हरियाणा, और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अब बूंदाबांदी से ज्यादा की उम्मीद नहीं है। 19 सितंबर को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने पश्चिमी राजस्थान से विदाई लेना शुरू कर दिया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

इन राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश

उत्तर भारत के विपरीत, पूर्वी, मध्य और दक्षिणी भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है:

  • पूर्वी भारत: बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में 20 से 26 सितंबर तक भारी बारिश का अनुमान है। ओडिशा में 22 और 25 सितंबर, झारखंड में 23 से 25 सितंबर, और बिहार में 24 से 26 सितंबर के बीच मूसलाधार बारिश हो सकती है।
  • मध्य भारत: मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में 20 से 26 सितंबर के दौरान अच्छी बारिश होने की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 25-26 सितंबर को, जबकि छत्तीसगढ़ में 23 से 25 सितंबर के बीच भारी बारिश का अलर्ट है।
  • दक्षिण भारत: आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और तटीय कर्नाटक में भी मॉनसून वापसी के दौरान भारी बारिश लाएगा। तेलंगाना में 21 से 26 सितंबर और तटीय आंध्र प्रदेश में 22 से 24 सितंबर के बीच तेज बारिश की भविष्यवाणी की गई है।
  • उत्तर प्रदेश: पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 25 और 26 सितंबर को बारिश हो सकती है।

कब होगी मॉनसून की पूर्ण विदाई?

आमतौर पर उत्तर-पश्चिम भारत से मॉनसून की विदाई 17 सितंबर से शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार बंगाल की खाड़ी में लगातार बन रहे वेदर सिस्टम और हिमालयी विक्षोभ के कारण यह 11 दिन की देरी से लौट रहा है। मौसम विभाग के अनुसार:

  • उत्तर प्रदेश: पश्चिमी यूपी से सितंबर के अंत तक और पूर्वी यूपी (लखनऊ, वाराणसी) से 5 से 10 अक्टूबर के बीच विदाई होगी।
  • मध्य प्रदेश: पश्चिमी एमपी से 1-5 अक्टूबर और पूर्वी एमपी से 5-10 अक्टूबर तक विदाई।
  • बिहार-झारखंड: यहां से 10 से 15 अक्टूबर के बीच मॉनसून लौटेगा।
  • दक्षिण और पश्चिम भारत: महाराष्ट्र, गोवा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और केरल से 10 से 15 अक्टूबर तक मॉनसून पूरी तरह विदा हो जाएगा।

इस साल कैसा रहा मॉनसून?

इस साल मॉनसून के दौरान पूरे देश में बारिश में लगभग 10% की कमी दर्ज की गई है। हालांकि, दक्षिण भारत में सामान्य से 29% और मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में 15% अधिक बारिश हुई है। वहीं, मैदानी इलाकों (जैसे पंजाब, हरियाणा, बिहार) में बारिश में काफी असमानता देखी गई, जिससे इन राज्यों में बारिश की कमी 16% तक रही है। पश्चिमी राजस्थान सबसे सूखा क्षेत्र रहा, जहां केवल 331 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग मॉनसून की विदाई तब घोषित करता है जब किसी क्षेत्र में लगातार 5 दिनों तक बारिश न हो, हवा में नमी कम हो जाए और एंटी-साइक्लोन सिस्टम बन जाए।

विज्ञापन
विज्ञापन