आजकल स्मार्टफोन बदलने या नया सिम कार्ड लेने पर सबसे बड़ी चिंता वॉट्सएप (WhatsApp) डेटा को सुरक्षित रखने की होती है। अगर आप भी अपना फोन नंबर बदलने का प्लान बना रहे हैं, तो वॉट्सएप का 'चेंज नंबर' (Change Number) फीचर आपका काम बेहद आसान कर सकता है। इस फीचर की मदद से आप अपनी पुरानी चैट्स, मीडिया फाइल्स, सेटिंग्स और अकाउंट की जानकारी को नए नंबर पर आसानी से ट्रांसफर कर सकते हैं। हालांकि, यह प्रक्रिया शुरू करने से पहले कुछ तकनीकी नियमों और बैकअप से जुड़ी महत्वपूर्ण बातों को जानना बेहद जरूरी है। सही तरीका न अपनाने पर आप हमेशा के लिए अपने पुराने चैट बैकअप और जरूरी डेटा का एक्सेस खो सकते हैं।

नंबर बदलने से पहले इन बातों का रखें खास ध्यान वॉट्सएप पर नंबर बदलने की प्रक्रिया शुरू करने से पहले आपको कुछ बुनियादी चीजों की जांच करनी होगी। सबसे पहले यह सुनिश्चित करें कि आपके नए फोन नंबर पर इनकमिंग कॉल या एसएमएस (SMS) सेवा पूरी तरह से सक्रिय है, क्योंकि वेरिफिकेशन के लिए ओटीपी (OTP) इसी नए नंबर पर आएगा। इसके साथ ही, यह भी चेक करें कि आपका पुराना नंबर अभी वॉट्सएप पर रजिस्टर्ड है या नहीं। इसे चेक करने के लिए अपने फोन में वॉट्सएप खोलें, दाईं ओर दिए गए थ्री-डॉट मेनू पर टैप करें, फिर 'सेटिंग्स' में जाकर अपनी 'प्रोफाइल पिक्चर' पर क्लिक करें। यहां आपका वर्तमान रजिस्टर्ड नंबर दिख जाएगा। ध्यान रखें कि नंबर बदलने का यह काम वॉट्सएप वेब या डेस्कटॉप ऐप के जरिए नहीं किया जा सकता है; इसके लिए आपको अनिवार्य रूप से अपने प्राइमरी स्मार्टफोन का ही इस्तेमाल करना होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रजिस्ट्रेशन के लिए कौन से नंबर नहीं कर सकते इस्तेमाल? वॉट्सएप अकाउंट बनाने या अपना मौजूदा नंबर बदलने के लिए सभी प्रकार के फोन नंबरों का सपोर्ट नहीं मिलता है। नियमों के अनुसार, आप VoIP, टोल-फ्री नंबर, पेड प्रीमियम नंबर, यूनिवर्सल एक्सेस नंबर (UAN) और कुछ विशेष पर्सनल नंबरों का इस्तेमाल वॉट्सएप रजिस्ट्रेशन के लिए नहीं कर सकते हैं। जहां तक लैंडलाइन नंबरों की बात है, तो आम वॉट्सएप मैसेंजर ऐप पर इनका सपोर्ट नहीं मिलता है। लैंडलाइन नंबर का उपयोग केवल कारोबारी उद्देश्यों के लिए बनाए गए 'वॉट्सएप बिजनेस ऐप' (WhatsApp Business) पर ही किया जा सकता है।

ब्लॉक कॉन्टैक्ट्स और वॉट्सएप ग्रुप्स पर क्या होगा असर? नंबर बदलते समय प्राइवेसी एक बड़ा मुद्दा होता है। यदि आप एक ही डिवाइस पर वॉट्सएप अकाउंट का इस्तेमाल करते हुए अपना नंबर बदलते हैं, तो आपके द्वारा पूर्व में ब्लॉक किए गए कॉन्टैक्ट्स ब्लॉक लिस्ट में ही रहेंगे। उन्हें आपके नए नंबर की कोई जानकारी या किसी भी तरह का नोटिफिकेशन नहीं मिलेगा। इसके विपरीत, आपके सभी वॉट्सएप ग्रुप्स को आपके नंबर बदलने का नोटिफिकेशन अपने आप मिल जाएगा। यह अलर्ट तब भी जाएगा, भले ही आपने नंबर बदलते समय 'नोटिफाई कॉन्टैक्ट्स' का विकल्प चुना हो या नहीं।

नए फोन में शिफ्ट होने पर कैसे रिस्टोर करें चैट बैकअप? कई बार यूजर्स नंबर बदलने के साथ-साथ नया फोन भी खरीदते हैं। ऐसी स्थिति में पुराने नंबर का बैकअप सीधे नए फोन में रिस्टोर करने की गलती कभी न करें। वॉट्सएप के क्लाउड बैकअप नियमों के अनुसार, चैट का बैकअप उसी फोन नंबर से लिंक होता है, जिससे उसे क्रिएट किया गया था। डेटा बचाने का सही तरीका यह है कि सबसे पहले अपने पुराने फोन पर ही वॉट्सएप सेटिंग्स में जाकर 'चेंज नंबर' फीचर के जरिए अपना नंबर बदलें। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद, इस नए नंबर के साथ अपने गूगल अकाउंट पर एक नया चैट बैकअप लें। बैकअप पूरा होने के बाद, अपने नए फोन में वॉट्सएप इंस्टॉल करें, नए नंबर से रजिस्टर करें और अंत में इस नए बैकअप को रिस्टोर कर लें। इस सुरक्षित तरीके से आपकी कोई भी चैट डिलीट नहीं होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन