मुरादाबाद न्यूज: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से सरेआम दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए एक घड़ी शोरूम में जमकर हंगामा किया। सोमवार शाम शोरूम में घुसे इस व्यक्ति ने पहले तो कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की, और जब दुकानदार ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उस पर रिवॉल्वर तानकर जान से मारने की धमकी दे डाली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी कार से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

कर्मचारियों से बदसलूकी और गाली-गलौज जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद के रामगंगा विहार निवासी सतीश कुमार की कांठ रोड पर गांधी आश्रम के पास 'न्यू जिमी टाइम्स' नाम से घड़ियों की एक दुकान है। सतीश कुमार ने सिविल लाइंस थाने में दी गई अपनी तहरीर में बताया कि सोमवार शाम करीब 7 बजे एक व्यक्ति उनके शोरूम में आया। वह बिना किसी स्पष्ट कारण के दुकान के कर्मचारियों पर भड़क गया और उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा। शोर-शराबा सुनकर शोरूम मालिक सतीश कुमार वहां पहुंचे और उन्होंने बीच-बचाव करते हुए उस व्यक्ति को शांत करने का प्रयास किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

ड्राइवर से कार से मंगवाई रिवॉल्वर दुकानदार के समझाने पर वह व्यक्ति शांत होने के बजाय और ज्यादा भड़क गया। उसने दबंगई दिखाते हुए शोरूम के बाहर खड़े अपने ड्राइवर को आवाज दी और कार में रखी अपनी रिवॉल्वर मंगवा ली। हथियार हाथ में आते ही आरोपी ने सतीश कुमार पर रिवॉल्वर तान दी और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। सरेआम शोरूम के अंदर हथियार लहराए जाने से वहां मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में भारी हड़कंप मच गया। दहशत फैलाने के बाद आरोपी अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से फरार हो गया। सतीश के मुताबिक, यह आरोपी पहले भी उनकी दुकान से घड़ी खरीद चुका है, लेकिन इस बार उसका यह रूप देखकर हर कोई हैरान रह गया।

सीसीटीवी फुटेज से पुलिस कर रही तलाश इस खौफनाक घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सतीश कुमार ने पुलिस को बताया कि शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है और फुटेज उनके पास सुरक्षित है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी हरीशवर्धन सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत और आरोपी की गाड़ी के नंबर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और वाहन के नंबर के जरिए आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन