मेरठ: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार को मेरठ पहुंचे तो उनका कार्यक्रम सीधे युवाओं से संवाद पर केंद्रित रहा। सुभारती विश्वविद्यालय के मांगल्य ऑडिटोरियम में आयोजित युवा संवाद में उन्होंने छात्र-छात्राओं से बातचीत की और युवाओं को नशे, शॉर्टकट और केवल सोशल मीडिया की दुनिया तक सीमित रहने से बचने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे।

‘रील नहीं, रियल जिंदगी जिएं’

नितिन नबीन ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें केवल सोशल मीडिया पर दिखने वाली जिंदगी तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं से ‘रील नहीं, रियल’ जिंदगी जीने और अपने वास्तविक लक्ष्य पर ध्यान देने की अपील की।

विज्ञापन
विज्ञापन

उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए शॉर्टकट तलाशने के बजाय मेहनत और सही दिशा पर ध्यान देने की बात कही।

युवा सिर्फ भविष्य नहीं, वर्तमान की ताकत

भाजपा अध्यक्ष ने युवाओं को देश का केवल भविष्य मानने के बजाय उन्हें वर्तमान की महत्वपूर्ण ताकत बताया। उनका जोर युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ने पर रहा।

नबीन का यह संवाद ऐसे समय हुआ जब भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक स्तर पर भी बैठकों का सिलसिला चला रही है। मेरठ में युवा संवाद के बाद शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल अध्यक्षों के साथ भी कार्यक्रम रखा गया था।

मंच पर योगी और पंकज चौधरी भी रहे मौजूद

सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। योगी ने भी युवाओं को संबोधित किया। उनके भाषण में रोजगार, तकनीक, खेल, निवेश और युवाओं की भूमिका जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।

नितिन नबीन के पश्चिमी यूपी दौरे का पहला चरण मेरठ में रहा। वे यहां संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक कर रहे हैं। इसके बाद उनका सहारनपुर जाने का कार्यक्रम है। पार्टी के अनुसार इस दौरे में बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठन की तैयारियों की समीक्षा और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद शामिल है।

मेरठ पहुंचने पर हुआ स्वागत

नितिन नबीन के मेरठ पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से सुभारती विश्वविद्यालय तक स्वागत की तैयारियां की गई थीं। इसके बाद उन्होंने सुभारती परिसर स्थित कारगिल स्मृति उपवन और इंडियन नेशनल आर्मी शहीद स्मारक उपवन में पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। यह नबीन का भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश का पहला दौरा है।

विज्ञापन
विज्ञापन