उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पुलिस ने काली माता मंदिर रोड स्थित हिलर्स हॉस्पिटल के पास हुई फायरिंग की घटना का खुलासा कर दिया है। कोतवाली शहर पुलिस ने दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा और एक पिकअप वाहन बरामद किया है।

अस्पताल के पास हुई थी फायरिंग, दहशत का था माहौल पुलिस के अनुसार, बीते 16 सितंबर को काली माता मंदिर रोड इलाके में दो पक्षों के बीच दिनदहाड़े फायरिंग की घटना हुई थी। इस गोलीबारी से स्थानीय लोगों और वहां से गुजर रहे आम राहगीरों में दहशत और भय का माहौल पैदा हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 19 सितंबर को धारा 109(1) बीएनएस और 7 क्रिमिनल लॉ एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

सीसीटीवी से हुई पहचान, दो शातिर गिरफ्तार घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आकाश (निवासी कनखेड़ी, थाना धामपुर) और हिमांशु (निवासी पयोहारा गिरधर, थाना कोतवाली शहर) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आकाश के कब्जे से वारदात में शामिल पिकअप वाहन बरामद किया है, जिसे एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। वहीं, हिमांशु के पास से एक 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ है।

जवाबी फायरिंग में टूटा पिकअप का शीशा पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि घटना के दौरान दोनों गुटों के बीच जवाबी फायरिंग हुई थी। इसी गोलाबारी के दौरान पिकअप वाहन का पिछला शीशा भी टूट गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों पक्ष मौके से फरार हो गए थे।

एसपी सिटी बिजनौर कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि तमंचे की बरामदगी के बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की भी बढ़ोतरी की गई है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन