मेरठ: भावनपुर थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर गांव में सोमवार को पति-पत्नी के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खुद भावनपुर थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मायके जाने को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच महिला के मायके जाने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कहासुनी हुई थी। सोमवार को भी विवाद हुआ और बात बढ़ने के बाद पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर घर में मौजूद परिजनों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

बाथरूम में मिला महिला का शव

वारदात के बाद महिला का शव घर के बाथरूम में मिला। वह खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। सूचना मिलने पर भावनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई भी की जा रही है।

हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा आरोपी

पुलिस के अनुसार, पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी खुद भावनपुर थाने पहुंचा। वहां उसने पुलिसकर्मियों को बताया कि वह अपनी पत्नी की हत्या करके आया है। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

मेरठ पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद के दौरान पति द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने की घटना में आरोपी को हिरासत में लिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियों, विवाद की वजह और घटनाक्रम की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत से जुड़ी परिस्थितियों की भी पुष्टि होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन