शामली न्यूज: उत्तर प्रदेश के शामली जिले के चौसाना क्षेत्र में चोरी की एक और घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। थानाभवन मार्ग स्थित एक कॉलोनी में मंगलवार देर रात एक घर में घुसे बदमाशों ने 25 हजार रुपये की नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर जांच के लिए पहुंची। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला संदिग्ध और आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है।

सुबह दुकान जाने के समय चला चोरी का पता जानकारी के अनुसार, चौसाना पुलिस चौकी क्षेत्र के थानाभवन मार्ग स्थित पानी की टंकी के निकट बनी कॉलोनी में नौशाद पुत्र शमशाद अपने परिवार के साथ रहते हैं। पीड़ित नौशाद ने बताया कि मंगलवार की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान रात के अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अज्ञात बदमाश घर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुस आए। बदमाशों ने बड़ी आसानी से घर में रखी करीब 25 हजार रुपये की नकदी, चश्मा और दुकान के हिसाब-किताब की महत्वपूर्ण बहियां चोरी कर लीं और पीछे के रास्ते से ही फरार हो गए। बुधवार सुबह जब नौशाद दुकान जाने के लिए तैयार हुए और उन्होंने हिसाब की बहियां खोजीं, तो वे अपनी जगह से गायब मिलीं, जिसके बाद परिवार को चोरी का शक हुआ।

विज्ञापन
विज्ञापन

घर के पीछे खाली बैग के साथ मिली बहियां बहियां गायब मिलने पर परिवार के लोगों ने घर और उसके आसपास के इलाके में तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर के पीछे वाले हिस्से में एक खाली बैग, हिसाब-किताब की बहियां और चश्मा पड़ा हुआ मिला। लेकिन 25 हजार रुपये की नकदी वहां नहीं थी। इसके बाद पीड़ित नौशाद ने तुरंत चौसाना पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की लिखित तहरीर दी और पुलिस से अज्ञात बदमाशों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इलाके में लगातार हो रही चोरी और इस तरह की आपराधिक घटनाओं को लेकर किसानों और आम जनता में भय का माहौल बना हुआ है।

पुलिस ने घटना को बताया संदिग्ध चोरी की लिखित शिकायत मिलने के बाद चौसाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि, पुलिस के बयान ने इस पूरी घटना में एक नया मोड़ ला दिया है। चौसाना पुलिस चौकी प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने के तुरंत बाद वह खुद पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर जांच के लिए गए थे। जांच और पूछताछ के दौरान यह पूरा मामला कुछ संदिग्ध और आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। चौकी प्रभारी के अनुसार, पीड़ित पक्ष ने फिलहाल इस मामले में आगे की कोई भी कानूनी कार्रवाई करने से मना कर दिया है। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की तहकीकात कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन