मेरठ न्यूज़: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र आबूलेन बाजार में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब कपड़ों के दो बड़े शोरूम से अचानक धुआं उठने लगा। सदर बाजार थाना क्षेत्र में स्थित 'रीवा' और 'डीकोट' नामक शोरूम में रात करीब 11 बजे आग लगी। आग लगने के समय शोरूम बंद थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, अंदर भारी मात्रा में कपड़े और कीमती सामान रखे होने के कारण काफी आर्थिक नुकसान की आशंका है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए।

आग का स्रोत ढूंढने में दमकल को लगे 40 मिनट दोनों कपड़ा शोरूम बिल्कुल अगल-बगल (बराबर में) स्थित हैं और दोनों के शटर बंद होने के कारण धुआं तेजी से बाहर आ रहा था। ऐसे में दमकल कर्मियों को यह पता लगाने में 40 मिनट से ज्यादा का समय लग गया कि वास्तव में आग किस शोरूम के अंदर से भड़की है। शोरूम के मालिकों के मौके पर पहुंचने के बाद जब दुकानों के शटर खोले गए, तब जाकर सही स्थिति का पता चला। धुआं इतना अधिक था कि दमकल टीम को अंदर घुसने के लिए उसके हल्के होने का इंतजार करना पड़ा।

विज्ञापन
विज्ञापन

एसी (AC) की इनडोर यूनिट से भड़की थी आग शटर खुलने और धुआं थोड़ा छंटने के बाद जब दमकल की टीम 'डीकोट' शोरूम के अंदर दाखिल हुई, तो पता चला कि आग एसी (AC) की इनडोर यूनिट से शुरू हुई थी। इसी यूनिट में लगी आग का धुआं पूरे शोरूम और बगल की दुकान में फैल गया था। दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग को बुझाया, जिसके बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। नुकसान का सटीक आकलन जांच के बाद ही हो सकेगा।

सड़क पर उमड़ी भारी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा देर रात शहर के मुख्य बाजार में आग लगने की सूचना मिलते ही आबूलेन पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने और रेस्क्यू ऑपरेशन को सुचारू रूप से चलाने के लिए सीओ कैंट संजय गुप्ता और इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार मिश्रा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर डटे रहे। उन्होंने लोगों को हटाकर दमकल की गाड़ियों को रास्ता दिलाया। इस अफरा-तफरी के बीच कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाते दिखे, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।

विज्ञापन
विज्ञापन