जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में गोलमुरी बाजार स्थित Canara Bank में गुरुवार सुबह हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी डकैती को अंजाम दिया। पुलिस और बैंक अधिकारियों के मुताबिक करीब पांच बदमाश बैंक में घुसे और कर्मचारियों को बंधक बनाकर नकदी और गोल्ड लोन के बदले रखा सोना लूट लिया। 

रिपोर्टों के मुताबिक बदमाश सुबह करीब 9:10 से 9:15 बजे के बीच बैंक पहुंचे। उस समय बैंक खुल चुका था और अंदर सफाई का काम चल रहा था। बदमाश रेनकोट पहने हुए थे। उन्होंने सुरक्षा गार्ड को काबू में किया और इसके बाद बैंक कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

36 करोड़ का सोना 

बदमाशों ने बैंक मैनेजर को हथियार के बल पर चेस्ट और गोल्ड सेफ खोलने के लिए मजबूर किया। बैंक से करीब 43 लाख रुपये नकद और गोल्ड लोन के बदले रखा लगभग 23 किलो सोना लूटे जाने की बात सामने आई है। सोने का वजन करीब 23 किलो और कीमत लगभग 36 करोड़ रुपये बताई गई है। 

झारखंड में बैंक डकैती : 24 मिनट में Canara Bank से 36 करोड़ का 23 किलो सोना और 43 लाख कैश लूटे, हथियार लेकर घुसे थे बदमाश

वहीं बैंक प्रबंधन की ओर से करीब 23.80 किलो मॉरगेज गोल्ड और 40 लाख रुपये नकद लूटे जाने की जानकारी दी गई है। सोना 100 से ज्यादा ग्राहकों के गोल्ड लोन के बदले बैंक में रखा होने की बात कही गई है। बैंक रिकॉर्ड से लूटे गए सोने और नकदी का अंतिम मिलान किया जा रहा है। 

सीसीटीवी में कैद हुए डकैत

डकैती की पूरी वारदात करीब 24 मिनट में पूरी होने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद बदमाश दो बाइक से फरार हुए। बैंक और आसपास लगे CCTV कैमरों में उनकी गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगा रही है। 

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी बैंक पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले की जांच के लिए 20 पुलिस अधिकारियों की SIT गठित की है। टीम में डीएसपी और थाना प्रभारी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। 

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक अपराधियों की तलाश के लिए झारखंड के अलावा पड़ोसी राज्यों की ओर भी पुलिस टीमें भेजी गई हैं। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि बदमाशों को बैंक में नकदी और गोल्ड लोन के तहत रखे सोने की जानकारी कैसे मिली। 

नकदी के आंकड़े को लेकर शुरुआती रिपोर्टों में 42 लाख, 43 लाख और 40 लाख रुपये के अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं। बैंक रिकॉर्ड के मिलान के बाद वास्तविक रकम स्पष्ट होगी। सोने की मात्रा भी बैंक के दस्तावेजों से अंतिम रूप से सत्यापित की जा रही है। 

विज्ञापन
विज्ञापन