बॉलीवुड की सबसे सफल और लोकप्रिय सस्पेंस थ्रिलर फ्रेंचाइजी 'दृश्यम' अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। दर्शकों को जिसका बेसब्री से इंतजार था, वह 'दृश्यम द कन्क्लूजन' (Drishyam The Conclusion) के रूप में जल्द ही बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाली है। इस बार फिल्म में रोमांच और सस्पेंस का डोज दोगुना होने वाला है, क्योंकि अजय देवगन के सामने बॉलीवुड के एक और दिग्गज अभिनेता जयदीप अहलावत चुनौती पेश करते नजर आएंगे।

अजय देवगन और जयदीप अहलावत का दमदार टकराव 'दृश्यम द कन्क्लूजन' में अजय देवगन एक बार फिर अपने आइकोनिक किरदार 'विजय सालगांवकर' के रूप में नजर आएंगे। वहीं, उनके इस चक्रव्यूह को भेदने के लिए जयदीप अहलावत अपराध शाखा के तेज-तर्रार अधिकारी 'राजवीर सिंह तोमर' की भूमिका निभा रहे हैं। विजय सालगांवकर की रची गई कहानी और राजवीर की उस सच्चाई तक पहुंचने की जिद के बीच होने वाला यह दिमागी टकराव इस फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण होने वाला है। दर्शकों के लिए यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि क्या इस बार कानून विजय सालगांवकर को पकड़ पाएगा या वह फिर से अपने परिवार को बचाने में कामयाब होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

'आक्रोश' के सालों बाद पर्दे पर वापसी जयदीप अहलावत के लिए यह फिल्म बेहद खास है, क्योंकि वह कई सालों बाद अजय देवगन के साथ दोबारा स्क्रीन शेयर कर रहे हैं। इससे पहले दोनों ने फिल्म ‘आक्रोश’ में साथ काम किया था। अपने इस लंबे सफर को याद करते हुए जयदीप ने कहा कि यह उनके लिए एक पूरे चक्र के पूरा होने जैसा है। जयदीप ने कहा, “मैं इसे सिर्फ बीते वर्षों की संख्या के रूप में नहीं देखता। मैं उस व्यक्ति के बारे में सोचता हूं जो ‘आक्रोश’ के समय था और उस व्यक्ति के बारे में जो मैं आज हूं। असली दूरी वहीं है।” इसके साथ ही उन्होंने अजय देवगन के संयमित अभिनय और दृश्य व किरदार पर उनके भरोसे की भी जमकर तारीफ की है।

2 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी फिल्म 'दृश्यम द कन्क्लूजन' का निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं, जिन्होंने इससे पहले 'दृश्यम 2' का भी सफल निर्देशन किया था। सस्पेंस और ड्रामा से भरपूर यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस महामुकाबले को बड़े पर्दे पर देखने के लिए दर्शक अभी से काफी उत्साहित हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन