अक्टूबर 2026 में अगर आपको बैंक की ब्रांच जाकर कोई जरूरी काम करना है तो छुट्टियों की तारीख पहले जान लेना जरूरी है। भारतीय रिजर्व बैंक के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक अक्टूबर में अलग-अलग राज्यों और शहरों में बैंक कई दिन बंद रहेंगे। उपलब्ध सूची में 16 ऐसी तारीखें हैं, जिनमें राष्ट्रीय अवकाश, स्थानीय त्योहार और नियमित शनिवार-रविवार की छुट्टियां शामिल हैं। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि देश के सभी बैंक हर इन तारीखों पर बंद रहेंगे। बैंक की छुट्टी शहर और राज्य के हिसाब से अलग हो सकती है।

2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 10 अक्टूबर को दूसरा शनिवार और 24 अक्टूबर को चौथा शनिवार होने के कारण बैंक शाखाओं में नियमित अवकाश रहेगा। रविवार की छुट्टियां 4, 11, 18 और 25 अक्टूबर को पड़ेंगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

अक्टूबर में इन तारीखों पर बैंक छुट्टियां

अक्टूबर की क्षेत्रवार छुट्टियों में 17 अक्टूबर को कुछ शहरों में महा सप्तमी, 18 अक्टूबर को कुछ राज्यों में महा अष्टमी, 19 अक्टूबर को दुर्गा पूजा/महा अष्टमी या महा नवमी और 20 अक्टूबर को दशहरा या विजयादशमी के कारण बैंक बंद रहने की जानकारी दी गई है। 21 अक्टूबर को भी कई राज्यों और शहरों में विजयादशमी की छुट्टी है।

Note:-बैंक हॉलिडे लिस्ट : अक्टूबर में 16 दिन बंद रहेंगे बैंक, चेक करें छुट्टियों की पूरी लिस्ट( यहां देखें)

इसके अलावा 22 और 23 अक्टूबर को मुख्य रूप से सिक्किम के कुछ शहरों में दुर्गा पूजा के कारण बैंक अवकाश है। 26 अक्टूबर को कुछ राज्यों में महर्षि वाल्मीकि जयंती समेत अन्य स्थानीय अवसरों पर बैंक बंद रहेंगे। 29 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश के शिमला में करवा चौथ और 31 अक्टूबर को अहमदाबाद में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के कारण बैंक बंद रहने की जानकारी उपलब्ध कैलेंडर में दी गई है।

इसलिए बैंक की छुट्टी देखने के लिए केवल तारीख नहीं, बल्कि अपने शहर का नाम भी देखना जरूरी है। उदाहरण के लिए उत्तर प्रदेश में अक्टूबर की सूची में 2 अक्टूबर गांधी जयंती, 10 अक्टूबर दूसरा शनिवार, 20 अक्टूबर विजयादशमी और 24 अक्टूबर चौथा शनिवार शामिल हैं।

ब्रांच बंद होने पर भी नहीं रुकेगी डिजिटल बैंकिंग

बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों की कई डिजिटल बैंकिंग सेवाएं जारी रहती हैं। इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, UPI और ATM जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल सामान्य तौर पर किया जा सकता है। हालांकि, किसी विशेष सेवा की उपलब्धता बैंक के सिस्टम और सेवा शर्तों पर निर्भर कर सकती है।

RBI के अनुसार NEFT सेवा पूरे साल 24x7 उपलब्ध है और यह छुट्टियों के दिन भी संचालित होती है। NEFT में लेनदेन आधे-आधे घंटे के बैच में प्रोसेस होते हैं।

RTGS भी 24x7 उपलब्ध है। RBI के अनुसार RTGS में फंड ट्रांसफर वास्तविक समय में किया जाता है और इसके लिए न्यूनतम ट्रांजैक्शन राशि ₹2 लाख है।

NEFT और RTGS में क्या अंतर है?

NEFT सामान्य बैंक ट्रांसफर के लिए इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक फंड ट्रांसफर प्रणाली है। इसमें लेनदेन आधे घंटे के बैच में सेटल होते हैं और RBI के अनुसार इसकी सुविधा 24x7x365 उपलब्ध है। दूसरी ओर RTGS में भुगतान एक-एक ट्रांजैक्शन के आधार पर रियल टाइम में सेटल होता है और यह मुख्य रूप से बड़े मूल्य के ट्रांसफर के लिए इस्तेमाल किया जाता है। RTGS में RBI द्वारा न्यूनतम राशि ₹2 लाख तय की गई है।

इसलिए अक्टूबर में बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो संबंधित ब्रांच की छुट्टी पहले जांच लेना बेहतर रहेगा। खासकर स्थानीय त्योहारों की छुट्टियां शहर के अनुसार बदल सकती हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन