गाजियाबाद जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र से शुक्रवार शाम एक बेहद सनसनीखेज और हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक महिला और उसकी मासूम बेटी के शव घर के अंदर एक ही फंदे पर लटके हुए मिले। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के वक्त मृतका का पति पानी लेने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। वापस लौटने पर अपनी पत्नी और बच्ची को फंदे पर झूलता देख उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।

पानी लेने बाहर गया था पति, लौटा तो उड़े होश पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, घटना खोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौकी बीरबल इलाके (शंकर विहार) की है। यहां अनिरुद्ध नाम का व्यक्ति अपनी पत्नी और 2 वर्षीय मासूम बेटी के साथ पिछले करीब चार साल से किराए के मकान में रह रहा था। अनिरुद्ध मूल रूप से हरदोई का रहने वाला है, जबकि उसकी पत्नी उन्नाव की रहने वाली थी। जानकारी के मुताबिक, अनिरुद्ध गाजियाबाद स्थित मैक्स अस्पताल में काम करता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

 

खोड़ा इलाके में पानी की पाइपलाइन की सुविधा सुचारू नहीं होने के कारण पानी की सप्लाई बाहर से होती है और लोग टैंकरों से पानी भरते हैं। शुक्रवार 25 सितंबर की शाम को भी अनिरुद्ध घर के लिए पानी लेने बाहर गया हुआ था। कुछ समय बाद जब वह पानी लेकर वापस कमरे पर लौटा, तो उसने अपनी पत्नी और बेटी को एक ही फंदे के सहारे संदिग्ध परिस्थितियों में लटका पाया।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य पति के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डबल सुसाइड या हत्या की इस संदिग्ध घटना की सूचना मिलते ही खोड़ा थाना पुलिस और डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम (FSL) को भी बुलाया गया, जिसने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल ने भी मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से नीचे उतारकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है ताकि मौत के सही कारणों और समय का पता लगाया जा सके।

पति हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ इस पूरे घटनाक्रम पर सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) इन्दिरापुरम श्री सूर्यबली मौर्य ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि 25 सितंबर को थाना खोड़ा को डायल 112 के माध्यम से यह सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शवों को कब्जे में ले लिया है।

एसीपी ने बताया कि शुरुआती तौर पर यह पूरा मामला बेहद संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मृतका के पति अनिरुद्ध को हिरासत में ले लिया है और उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पड़ोसियों से भी जानकारी जुटा रही है कि कहीं पति-पत्नी के बीच पहले से कोई विवाद तो नहीं चल रहा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन