मेरठ जिले में भारी बारिश की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी ने शनिवार, 26 सितंबर को जिले के कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का सख्त आदेश जारी किया है। यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।

मौसम विभाग का भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने 26 सितंबर को मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश (Heavy Rain), ओलावृष्टि और तेज आंधी की संभावना जताई है। आदेश के मुताबिक, सभी स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को इस छुट्टी के आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना होगा। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

विज्ञापन
विज्ञापन

प्रशासन ने जारी की सख्त एडवाइजरी भारी बारिश और खराब मौसम की आशंका के चलते जिला प्रशासन ने आम जनता के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। लोगों से अपील की गई है कि तेज आंधी या बारिश के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं के नीचे बिल्कुल न खड़े हों। खुले मैदान और छतों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही, अनावश्यक यात्रा करने और जलभराव वाले क्षेत्रों में वाहन चलाने से बचने को कहा गया है ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।

मोबाइल चार्जिंग और बिजली उपकरणों से रहें दूर एडवाइजरी में विशेष रूप से हिदायत दी गई है कि आकाशीय बिजली चमकने के दौरान मोबाइल चार्जिंग न करें और बिजली के उपकरणों को न छुएं। प्रशासन ने नागरिकों को मौसम की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने, घर के अंदर सुरक्षित रहने और आपात स्थिति के लिए मोबाइल, टॉर्च व जरूरी दवाएं तैयार रखने को कहा है। पशुपालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने पशुओं को खुले स्थान से हटाकर सुरक्षित जगह पर बांधें। किसानों से भी अपनी फसल और कृषि उपकरणों को सुरक्षित ढककर रखने की अपील की गई है।

आपात स्थिति में यहां दें सूचना प्रशासन ने लोगों से बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा है। किसी भी प्रकार की दुर्घटना, जैसे पेड़ गिरने, बिजली का तार टूटने या जलभराव जैसी अन्य आपात स्थिति होने पर तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष (Disaster Control Room) को सूचित करने का निर्देश दिया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन