मुजफ्फरनगर की नई मंडी में इस बार श्री रामलीला महोत्सव का 100वां आयोजन किया जा रहा है। श्री रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित होने वाले इस महोत्सव में संगीतमय श्री राम कथा के साथ रामलीला का मंचन भी होगा। रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमेटी पदाधिकारियों ने महोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी।

आयोजकों के अनुसार महोत्सव की शुरुआत 30 सितंबर 2026 को सुबह 9 बजे श्री रामलीला भवन से निकलने वाली विशाल कलश यात्रा से होगी। इसके बाद अलग-अलग चरणों में श्री राम कथा और रामलीला का आयोजन किया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

30 सितंबर से शुरू होगी श्री राम कथा

श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष संजय मित्तल ने बताया कि 30 सितंबर से 6 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक संगीतमय श्री राम कथा का आयोजन होगा।

जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. उमाकान्तानंद सरस्वती महाराज श्रद्धालुओं को श्री राम कथा का वाचन करेंगे। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

राम कथा के समापन के बाद रामलीला मंचन का सिलसिला शुरू होगा।

8 अक्टूबर से वृंदावन के कलाकार करेंगे रामलीला का मंचन

आयोजकों के अनुसार 8 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक प्रतिदिन रात 8:30 बजे से रामलीला का मंचन किया जाएगा। इसके लिए वृंदावन की रामलीला कमेटी के कलाकारों को आमंत्रित किया गया है।

रामलीला का मंचन महाराज नंदकिशोर के सानिध्य में होगा। आयोजकों का कहना है कि 100वें महोत्सव को ध्यान में रखते हुए धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष रूप से तैयारी की जा रही है।

विजयादशमी पर पुतला दहन, 21 अक्टूबर को राजतिलक

महोत्सव के प्रमुख कार्यक्रम 20 अक्टूबर को विजयादशमी के दिन होंगे। दोपहर 12 बजे पूजन किया जाएगा। इसके बाद शाम 3 बजे विजयोत्सव लीला का मंचन होगा और शाम 6 बजे पुतला दहन किया जाएगा।

इसके अगले दिन 21 अक्टूबर को भगवान श्री राम के राजतिलक के साथ रामलीला महोत्सव का समापन होगा। इसी दिन डॉ. पंकज दत्त अग्रवाल और उनकी टीम की ओर से महाराजा अग्रसेन की जीवन लीला का मंचन भी किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद विशाल भंडारे का आयोजन होगा।

सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था पर भी ध्यान

आयोजकों के मुताबिक 100वें श्री रामलीला महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां की गई हैं।

आयोजन स्थल पर अग्निशमन उपकरण, पानी के ड्रम और पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। आयोजकों का कहना है कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन