मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक ट्रक फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़कर नीचे जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक पलटकर एक पेड़ में अटक गया। पेड़ में फंसने के कारण ट्रक पूरी तरह नीचे नहीं गिरा, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। दुर्घटना में चालक को मामूली चोट आई है।

जानकारी के मुताबिक, ट्रक नंबर RJ 52 GB 5877 गुजरात से टाइल्स लेकर मेरठ आया था। टाइल्स उतारने के बाद ट्रक वापस लौट रहा था। सोमवार तड़के जब ट्रक परतापुर फ्लाईओवर के पास पहुंचा, तभी चालक को कथित तौर पर नींद की झपकी आ गई। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की रेलिंग से टकरा गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रेलिंग तोड़कर नीचे गिरा ट्रक, पेड़ में अटका

टक्कर के बाद ट्रक फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। नीचे गिरते ही ट्रक पलट गया और पास मौजूद एक पेड़ में फंस गया। पेड़ में अटकने के कारण वाहन पूरी तरह नीचे नहीं गिर सका।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। ट्रक को पेड़ में फंसा देखकर लोग मौके पर जमा रहे। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी की स्थिति रही।

राजस्थान का रहने वाला है चालक

पुलिस के मुताबिक, ट्रक के मालिक का नाम रामकिशन पुत्र साधुराम है। वह राजस्थान के जयपुर जिले के शाहपुर क्षेत्र के गांव होली के निवासी बताए गए हैं।

ट्रक चालक की पहचान मनजीत पुत्र शंकर लाल, उम्र 26 वर्ष, निवासी गांव बलहेड़ी, थाना गाड, जिला टोंक, राजस्थान के रूप में हुई है। हादसे में चालक को मामूली चोट आई है।

हाइड्रा क्रेन से निकाला जा रहा ट्रक

हादसे की सूचना मिलने के बाद परतापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और चालक से हादसे के संबंध में जानकारी ली।

परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला के मुताबिक, शुरुआती जांच में चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

फ्लाईओवर के नीचे पेड़ में फंसे ट्रक को बाहर निकालने के लिए हाइड्रा क्रेन की मदद ली जा रही है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में चालक को मामूली चोट आई है और मामले की जांच जारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन