बिजनौर में 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों को लेकर सोमवार 28 सितंबर को जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने राष्ट्रीय पर्व को उत्साह, गरिमा और व्यवस्थित तरीके से मनाने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने स्तर पर कार्ययोजना तैयार कर कार्यक्रमों का आयोजन करें। उन्होंने गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री के विचारों तथा दर्शन को आमजन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

15 अक्टूबर तक चलेगा स्वच्छता पखवाड़ा

डीएम उमेश प्रताप सिंह ने अधिकारियों को 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में स्वच्छता पखवाड़ा चलाने के निर्देश दिए। 2 अक्टूबर को शहीद स्थल की सफाई, गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण तथा मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।

इसके अलावा कुष्ठ आश्रम में सफाई कराई जाएगी। ग्राम पंचायतों में विशेष बैठक आयोजित कर सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।

जिला क्षय रोग अधिकारी को टीबी मरीजों को किट वितरित कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक को गांधी जी के विचारों और दर्शन पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित कराने को कहा गया। वहीं होमगार्ड अधिकारियों को जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए गए।

सुबह 9 बजे सरकारी भवनों पर फहरेगा तिरंगा

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र पाल सिंह ने बैठक में 2 अक्टूबर को होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुबह 9 बजे सभी सरकारी और अर्धसरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र का अनावरण एवं माल्यार्पण किया जाएगा।

सुबह 10 बजे नेहरू स्टेडियम में 60 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया जाएगा। पंचायतों और सार्वजनिक संस्थानों में गांधी जी के सांप्रदायिक सद्भाव और अस्पृश्यता निवारण संबंधी विचारों पर गोष्ठियां भी आयोजित की जाएंगी।

सुबह 10:30 से 11 बजे तक गांधी पार्क, रामलीला मैदान के सामने गांधी जी की प्रतिमा स्थल पर रामधुन, भजन, गोष्ठी और सामूहिक प्रार्थना सभा होगी। इसके बाद शक्ति चौराहे पर लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।

चरखा प्रतियोगिता और स्वास्थ्य शिविर भी होंगे

सुबह 11 बजे गांधी आश्रम में चरखा सूत कताई प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। मोहल्ला कस्साबान और जाटान सहित सभी तहसील मुख्यालयों पर गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण शिविर लगाए जाएंगे। राजकीय चिकित्सालय बिजनौर में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे।

सुबह 11:30 बजे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बिजनौर में महिलाओं की उन्नति और महात्मा गांधी के बताए मार्ग पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

दोपहर 12:30 बजे जिला चिकित्सालय में महा रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इसमें जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों से रक्तदान करने की अपेक्षा की गई है। इसके अलावा दोपहर 1 से 2 बजे के बीच जिले में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वरिष्ठ नागरिकों का अभिनंदन किया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन